जनस्वास्थ्य विभाग का तर्क : नहरों में चल रहा पहाड़ों पर हुई बारिश का पानी, कुछ दिन बाद गुणवत्ता में हो जाएगा सुधार
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले की नहरों में पिछले तीन माह से मेन हेड से पानी नहीं छोड़े जाने से जलघरों में पीने लायक पानी नहीं बचा है। नहरों में पहाड़ों से बारिश का पानी ही चल रहा है। पंजाब व हिमाचल में हुई बारिश के बाद से यमुना नदी के जरिये नहरों में पानी पहुंच पा रहा है। यह पानी खराब होने की वजह से जलघरों में पीने लायक पानी नहीं बचा है।
इसके अलावा खेतों का पानी भी नहरों में ही डाला गया है जो बेहद खराब है। लोग खेतों के पानी से जलघरों को भरवाने से इन्कार कर रहे हैं। ऐसे में पेयजल संकट बना हुआ है। लोग 400 रुपये में पानी का टैंकर खरीदने को विवश हैं। लोगों ने सिंचाई विभाग से मेन हेड से साफ पानी छोड़े जाने की मांग की है।
पिछले तीन माह से नहरों में खेतों से निकाला गया पानी छोड़ा हुआ है। इस पानी की गुणवत्ता बेहद खराब है। किसान खेतों में रसायनिक खाद व दवा आदि की स्प्रे भी करते हैं। ऐसे में यह पानी गुणवत्ता के नाम पर शून्य माना जा रहा है। जिले के गांव भागवी, कन्हेटी, इमलोटा, बिगोवा, मोरवाला, सरुपगढ़ आदि गांवों में ज्यादा मात्रा में जलभराव होने से यह पानी ड्रेन के जरिए मेन बधवाना डिस्ट्रीब्यूटरी में डाला गया है। बधवाना डिस्ट्रीब्यूटरी से ही शहर के रामनगर स्थित जलघर में पानी डाला जाता है। इसी प्रकार इस डिस्ट्रीब्यूटरी से करीब 14 गांवों के जलघरों में भी पानी डाला जाता है। अब इन गांवों में भी पेयजल संकट बना हुआ है।
ग्रामीण रमेश शर्मा, मुकेश, अनिल कुमार व महेंद्र शर्मा ने बताया कि नहरों में साफ पानी नहीं छोड़े जाने से जलघरों का पानी खराब हो गया है। ऐसे में उन्हें 400 रुपये में पानी का टैंकर खरीदना पड़ रहा है। आसपास हैंडपंप से पानी भरना पड़ रहा है। इन लोगों ने नहरों में मेन हेड से साफ पानी छोड़े जाने की मांग की है ताकि जलघरों में पानी भरा जा सके और पानी की समस्या न रहे।
इसी प्रकार जिले की मेन लोहारू कैनाल में भी साफ पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। इस नहर से भी करीब 20 से ज्यादा गांवों के जलघरों में पानी डाला जाता है। इस नहर में भी ड्रेनों के जरिए खेतों का पानी डाला जाता है। इतना नहीं, लगातार दो माह तक इन नहरों में खेतों का पानी छोड़े जाने से आसपास के क्षेत्रों में बोरिंग ट्यूबवेल ही नहीं हैंडपंप आदि का पानी भी खराब हो गया है। इनके पानी की गुणवत्ता में भी गिरावट आई है।
लोगों ने जिले के सभी जलघरों की सफाई करके नए सिरे से पानी भरने की मांग की है। पीछे पहाड़ों से पानी आ रहा है। इस पानी का समायोजन करना भी जरूरी है। कुछ दिन बाद साफ पानी आने लगेगा। जल्द ही लोगों की यह समस्या दूर हो जाएगी।
-एसडीओ हरवीर सिंह, सिंचाई विभाग