चरखी दादरी। दादरी के रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहा सुंदरीकरण व जीर्णोद्धार का कार्य लगभग पूरा होने को है, लेकिन स्टेशन परिसर में दीवारों पर लगी वाल पुट्टी अभी से झड़ने लगी है और दीवारों में दरारें भी दिखने लगी हैं। दीवारों से झड़ी पुट्टी की परतें और दरारें स्टेशन परिसर की सुंदरता पर अभी से ग्रहण लगा रही हैं। यहां से यात्रा करने वाले यात्रियों ने रेलवे से इन सभी को दुरुस्त करने की मांग उठाई है।
बता दें कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उत्तर पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल के दादरी रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का पहले चरण का कार्य जल्द पूरा होने वाला है जिसके तहत स्टेशन भवन के समरूप में बड़े स्तर पर सुधार कार्य, स्टेशन की ओर आने-जाने वाले मार्ग में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग प्रावधान, बाउंड्री वॉल, सर्कुलेटिंग एरिया में सुंदरीकरण, दोपहिया, चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग सुविधा, बुकिंग ऑफिस, रिटायरिंग रूम आदि में सुधार, नए टॉयलेट ब्लॉक्स का कार्य पूरा कर लिया गया है।
करीब 13.50 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले पुनर्विकास कार्यों में स्टेशन परिसर की सुंदरता को बढ़ाने के लिए एलईडी लाइटिंग तथा दीवारों पर आर्टवर्क भी किया गया है।
रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार स्टेशन पर योजना का केवल एक प्रतिशत ही काम बचा हुआ है, लेकिन अभी से दीवारों से झड़ने वाली पुट्टी और दीवारों में दिख रही दरारें अपने आप में सवालिया निशान लगा रही हैं। स्टेशन परिसर में कुछ जगहों पर दीवारों से वॉल पुट्टी झड़ने लगी है। इसके अलावा दीवारों पर दरारें भी दिखने लगी हैं।
दादरी स्टेशन से गुजरने वाले यात्रियों का कहना है कि रेलवे की ओर से स्टेशन का सुंदरीकरण तो करवाया जा रहा है, लेकिन रेलवे अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि कार्य में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री उच्च गुणवत्ता की हो और कम से कम अगले कुछ वर्षों तक इस प्रकार की समस्या नहीं आनी चाहिए।
वर्जन :
अभी रेलवे स्टेशन पर कार्य पूरा नहीं हुआ है। परिसर की दीवारों पर ज्वाइंट बनने के कारण दरारें आ सकती हैं, लेकिन जल्द ही संबंधित एजेंसी को समस्या से अवगत करवाकर इन्हें दुरुस्त करवा दिया जाएगा।- आशुतोष चौधरी, एसएसई रेलवे, भिवानी।