चरखी दादरी। रविवार रात को आई तेज आंधी और बारिश के दौरान स्थानीय हीरा चौक के समीप स्थित एक वर्षों पुराना काफी बड़ा पेड़ जड़ सहित उखड़ कर गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से एक कार और एक मकान की छत का बड़ा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं पेड़ का दबाव पड़ने पर बिजली के तीन खंभे टूट गए और एक अन्य मकान की छत को भी नुकसान पहुंचाया जिस छत का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ। उसमें रात को बच्चे सो रहे थे लेकिन गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं लगी।
जड़ समेत उखड़े पेड़ को हटवाने के लिए शुरुआत में वन विभाग और नगर परिषद एक-दूसरे पर पल्ला झाड़ते रहे। दोपहर बाद नगर परिषद के कर्मचारियों ने पेड़ की छंटाई शुरू की जिसके बाद कार को नीचे से निकाला जा सका।
कार, मकानों को हुआ नुकसान
स्थानीय सुभाष चौक क्षेत्र निवासी इंद्रा ओझा की कार रविवार रात को चौक में पेड़ के नीचे खड़ी थी। उनके पति योगेंद्र शर्मा ने बताया कि रात को आई आंधी और बारिश में विशाल पेड़ उखड़ कर उनकी कार पर गिर गया। जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इनके अलावा स्थानीय निवासी सुभाष चंद और गुरुचरण के मकान की छत भी क्षतिग्रस्त हो गई। योगेंद्र शर्मा द्वारा इस संबंध में समाधान शिविर व पुलिस को भी शिकायत दी गई।
इनेलो प्रतिनिधिमंडल पहुंचा मौके पर
घटना की जानकारी पाकर इनेलो जिलाध्यक्ष सूबे सिंह अटेला, पूर्व विधायक रणबीर मंदोला, वरिष्ठ नेता राहुल मराठा, महिला जिलाध्यक्ष इंदुबाला फोगाट, सोनू मोड़ी आदि मौके पर पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त व अन्य अधिकारियों से बात कर पेड़ को तुरंत हटवाकर बिजली आपूर्ति सुचारू करने तथा पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलवाने की मांग की।