झोझूकलां के छिल्लर गांव स्थित मकान में चोरों ने फैलाया सामान।
चरखी दादरी/झोझूकलां। झोझूकलां खंड के छिल्लर गांव स्थित दो मकानों में घुसकर चोर नकदी, गहने और घरेलू सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित मकान मालिक की बेटी ने झोझूकलां थाने में शिकायत दी। इसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफएसएल टीम ने दोनों मकानों का जायजा लेकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस को दी शिकायत में छिल्लर गांव निवासी अनिल कुमार की पुत्री मुस्कान ने बताया कि उनके पिता सेना में नौकरी करते हैं। रोजाना की तरह 13 जून की रात वह और परिवार के अन्य सदस्य खाना खाकर सो गए थे। 14 जून की सुबह बूंदाबांदी होने पर परिजनों की आंख खुल गई। उसके पिता अनिल कुमार, मां प्रेम देवी और बहन पूनम ने उठकर देखा तो कमरे का ताला टूटा मिला।
अनहोनी का अंदेशा होने पर जब उन्होंने कमरे को देखा तो सारा सामान बिखरा मिला। बेड में कंबल के बीच रखे गए एक लाख रुपये चोरी हो गए। सोने की दो चेन और चांदी के अन्य गहने भी चोरी हो गए। मुस्कान ने बताया कि चोरी का पता चलने के बाद आस-पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
- जयपुर रहता है सुरेंद्र का परिवार, चोर ले गए सोने का रानी हार
मुस्कान ने पुलिस को बताया कि उनके बगल में स्थित ताऊ सुरेंद्र के बंद घर से भी सामान चोरी किया गया है। उनके ताऊ का परिवार पिछले पांच साल से जयपुर में रहता है। चोरी की सूचना मिलने पर उनके ताऊ का लड़का रितेश गांव पहुंचा और जब उसने सामान की जांच की तो घर से सोने का एक रानी हार, सोने की एक अंगूठी, 28 इंच की एलईडी और एक अटैची चोरी मिली।
अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर उन्हें काबू कर लिया जाएगा। - अमित कुमार, जांच अधिकारी, चिड़िया पुलिस चौकी।