चरखी दादरी। नगर परिषद की ओर से शहर में स्वच्छ वार्ड अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत वार्डों में जाकर स्वच्छता संबंधी पैमाने जांचे जा रहे हैं। शनिवार को नगर परिषद से टीम वार्ड-13 में पहुंची और स्वच्छता संबंधी त्रुटियां न मिलने पर स्वच्छ वार्ड घोषित किया। ऐसा करने वाला यह पहला वार्ड है।
प्रदेश में स्वच्छ हरियाणा अभियान के तहत पंचकूला मुख्यालय टीम की ओर से निरीक्षण किया जाना है। इसके तहत स्वच्छ सिटी घोषित की जाएंगी और शहरों को सर्वोच्च व निम्न आदि रैंक दी जाएंगी। इसके लिए सभी शहरों में नगर परिषद की ओर से सर्वोच्च रैंक पाने के लिए विभिन्न प्रकार के अभियान चलाकर शहर को स्वच्छ बनाया जा रहा है।
नगर परिषद चेयरमैन बक्शीराम सैनी के मार्गदर्शन में बीआई प्रवीन छिक्कारा, स्वच्छ भारत मिशन प्रभारी ज्योति शर्मा व प्रीतम सिंह ने वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने वार्ड में गलियां, सीवर लाइन, खाली प्लॉट, घरों में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था व कूड़ेदान की संख्या, स्वच्छता संबंधी जानकारी ली। साथ ही वार्ड में बने एक डंपिंग पॉइंट को बंद कराकर पेंटिंग करा दी गई। ताकि, लोगों में जागरूकता रहे और कचरे को कूड़ेदान में डालें। नगर पार्षद कुलदीप सैनी ने वार्ड की सभी गतिविधियों से अवगत कराया।
अन्य वार्डों का भी होगा निरीक्षण
टीम की ओर से अन्य वार्डों का भी आगामी दिनों में निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान लोगों से जानकारी ली जाएगी और स्वच्छता संबंधी प्रतिक्रिया भी जानी जाएगी। अगर किसी वार्ड में स्वच्छता में कमी पाई जाएगी तो पार्षद से बातचीत कर कमियों को दूर कराने के लिए समय दिया जाएगा।
निरीक्षण में पूछे गए ये सवाल
- क्या कोई व्यक्ति प्रतिदिन घर से कूड़ा उठाने आता है? - आपके घर में सफाई व्यवस्था कैसी है? - क्या आपके आसपास कचरे के ढेर लगते हैं? - सफाई से संबंधित कोई शिकायत है या पहले की हो?
- क्या घर में दो कूड़ेदान हैं, क्या सूखा व गीला कचरा अलग रखा जाता है?
- सफाई के प्रति जागरूक करने टीम आ रही है या नहीं?
- सीवरेज सफाई के लिए लाइसेंस ऑपरेटरों का ही प्रयोग करते हैं?
विभाग की ओर से रूपरेखा के अनुसार सभी वार्डों की जांच की जाएगी और स्वच्छता संबंधी पैमाने जांचे जाएंगे। अगर किसी वार्ड में कोई कमी पाई जाएगी तो उसे दूर कराने के निर्देश जाएंगे।
-ज्योति शर्मा, जिला प्रभारी, स्वच्छ भारत मिशन