चरखी दादरी। जिले में वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करने के प्रति गंभीर नहीं हैं। जनवरी और फरवरी में काटे गए 4100 चालान इसकी बानगी हैं। इस लिहाज से प्रतिदिन करीब 70 चालक यातायात नियम तोड़ते पकड़े जा रहे हैं। एसपी अर्श वर्मा ने होली के मद्देनजर बुलेट सायलेंसर से पटाखे फोड़ने वालों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। यातायात थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि एसपी ने स्पष्ट कहा कि बुलेट से पटाखे छोड़ने वालों और काली फिल्म लगे वाहनों पर कार्रवाई के लिए शहर व ग्रामीण क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया जाए। वहीं, ट्रैफिक थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि दोनों तरह के मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस टीमें शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर बुलेट को चेक कर रही हैं।
प्रवक्ता योगेश ने बताया कि जनवरी में करीब 2200 और फरवरी में 2000 चालान किए गए। उन्होंने बताया कि पुलिस टीमें पटाखा छोड़ने पर बुलेट बाइक जब्त भी कर रही हैं। इसके अलावा काली फिल्म के चालान भी लगातार जा रहे हैं। गलत जगह वाहन खड़ा करने, तेज रफ्तार में चलने और लेन चेंज के भी चालान किए जा रहे हैं। पुलिस ने वाहन चालकों पर दो माह में करीब 20 लाख रुपये जुर्माना लगाया है।
मॉडिफाइड सायलेंसर लगाने वाले मिस्त्री पर भी होगी कार्रवाई
ट्रैफिक एसएचओ रमेश कुमार ने बुलेट पर पटाखा छोड़कर हवाबाजी करने वालों को सचेत करते हुए कहा कि अभी केवल दादरी पुलिस चालान ही कर रही है। अगर अब भी नहीं संभले तो फिर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उन्होंने बुलेट के सायलेंसर को मॉडिफाइड करने वाले मिस्त्री को भी आगाह करते हुए कहा है कि वे ऐसा न करें, वरना उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
पटाखे छोड़ने वाले की शिकायत के लिए डायल करें 9419301108
पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि पटाखा छोड़ने वाली बुलेट और काली फिल्म लगी गाड़ी का फोटो खींचकर ट्रैफिक एसएचओ के मोबाइल नंबर 7491301108 पर भेज सकते हैं। इसके अलावा, संबंधित थाना प्रबंधक के मोबाइल पर भी ये फोटो भेजे जा सकते हैं। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा और वाहन चालक पर कार्रवाई की जाएगी।
वाहन चालकों से अपील है कि यातायात नियमों का पूरी तरह से पालन करें। ऐसा करके वे अपने साथ दूसरों का जीवन भी सुरक्षित रख सकते हैं। यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती बरतते हुए चालान किए जा रहे हैं।
-रमेश कुमार, एसएचओ, दादरी ट्रैफिक थाना