चरखी दादरी। प्रधानमंत्री कुसुम योजना के अंतर्गत किसानों से सोलर पंप लगवाने के लिए नए आवेदन 19 से 29 जनवरी तक आमंत्रित किए जाएंगे। किसान 75 प्रतिशत अनुदान राशि पर 3 से 10 एचपी क्षमता के सोलर पंप लगवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
बिजली आधारित कनेक्शन के मौजूदा आवेदकों को सौर ऊर्जा पंप कनेक्शन के लिए प्राथमिकता दी जाएगी, बशर्तें उनको अपने मौजूदा बिजली कनेक्शन का समर्पण करना पड़ेगा। मुख्य परियोजना अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. जयेंद्र छिल्लर ने ये जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष के लक्षित लाभार्थियों का चयन परिवार की वार्षिक आय व भूमि धारण के आधार पर किया जाएगा। चयनित लाभार्थी पोर्टल पर आवेदन करके लाभार्थी हिस्सा जमा करवा सकेंगे। इसके बाद चयनित लाभार्थियों के लिए सरकार द्वारा सूचीबद्ध कंपनी का चयन करने के लिए पोर्टल खोला जाएगा। जिसकी सूचना लाभार्थियों को पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त होगी। किसान अपने खेत के आकार, पानी के स्तर और पानी की जरूरत के अनुसार पंप का चयन करें।
23 को दिव्यांगों और बुजुर्गों को मिलेंगे सहायक उपकरण
चरखी दादरी। जिला में सीएसआर फंड के तहत दिव्यांगों व बुजुर्गों को सहायक उपकरण उपलब्ध करवाने के लिए 23 जनवरी को नई अनाज मंडी में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव बलवान सिंह ने बताया कि उपायुक्त मनदीप कौर के निर्देशों के अनुसार दादरी जिले में 11 से 20 अक्तूबर तक अलिम्को कंपनी ने दिव्यांगजनों व बुजुर्गों को सहायक उपकरण प्रदान करने के लिए पंजीकरण किया गया था, जिनमें 393 बुजुर्गों व 276 दिव्यांगजनों को चिह्नित किया गया। उन्हें व्हील चेयर, कमोड चेयर, वॉकिंग स्टीक, कान की मशीन, चश्में, कृत्रिम दांत, बेल्ट, कमर की बेल्ट व अन्य उपकरण प्रदान किए जाएंगे। सभी चयनित लाभार्थी अपने साथ अलिम्को कंपनी द्वारा दी गई रजिस्ट्रेशन नंबर की पर्ची व आधार कार्ड की प्रति साथ लेकर सुबह 9 बजे नई अनाज मंडी में पहुंचे।