जेबीटी (डीएलएड) प्राइमरी टीचर कोर्स में रिक्त सीटों पर दाखिला के लिए वीरवार को छठी मेरिट सूची जारी कर दी गई। इस सूची में 13782 उम्मीदवारों का चयन हुआ है। चयनित उम्मीदवारों को 28 नवंबर तक अलॉट किए गए शिक्षण कॉलेज में फीस व दस्तावेज जमा करवा दाखिला सुनिश्चित करना है। इस बार छठी मेरिट सूची में तो बिहार और झारखंड प्रदेश के उम्मीदवारों का भी चयन हुआ है।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं अध्यापक प्रशिक्षण (एससीईआरटी) परिषद की ओर से दाखिला प्रक्रिया का दूसरा चरण चल रहा है। प्रदेश भर में 18950 सीटों पर एडमिशन होने हैं। जेबीटी दो वर्षीय कोर्स में कक्षा 12वीं में 50 प्रतिशत अंकों वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
पहले चरण में तीन राउंड की काउंसिलिंग हुई थी। अब दाखिला प्रक्रिया का दूसरा चरण शुरू है। दूसरे चरण के तहत पांच नवंबर तक आवेदन मांगे गए थे। वीरवार शाम को छठी मेरिट सूची जारी कर दी गई है। निश्चित तिथि तक दाखिला फीस नहीं जमा करवाने पर वह दाखिला की दौड़ से बाहर हो जाता है। इस कोर्स में राजस्थान के युवा ज्यादा रुचि ले रहे हैं। करीब 80 प्रतिशत दाखिले राजस्थान के उम्मीदवार ही ले रहे हैं। इस बार छठी मेरिट सूची में तो बिहार व झारखंड प्रदेश के उम्मीदवारों का भी चयन हुआ है।
जिले में इस कोर्स में 12 शिक्षण कॉलेजों में होने हैं दाखिले
डीएलएड कॉलेज प्राचार्य राकेश कुमार ने बताया कि डीएलएड प्रथम वर्ष में चार सप्ताह व द्वितीय वर्ष में 16 सप्ताह की सरकारी स्कूलों में इंटर्नशिप करनी होती है। राज्य भर में करीब 320 शिक्षण कॉलेजों में करीब 18 हजार 950 सीटों के लिए दाखिला प्रक्रिया जारी है। अब साइंस व कॉमर्स के उम्मीदवार नहीं मिलने पर खाली सीटें कलां संकाय में कंवर्ट कर दी गई हैं। चरखी दादरी जिले में इस कोर्स में 12 शिक्षण कॉलेजों में दाखिले होने हैं। प्रत्येक कॉलेज में 50 सीटें निर्धारित हैं। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से इस कोर्स की परीक्षा ली जाती है।