चरखी दादरी। गांव कादमा-बडराई रोड पर शनिवार देर रात स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर डायग्नोस्टिक लैब के शटर व दीवार से जा टकराई। गाड़ी लैब की दुकान के अंदर तक घुस गई। हादसे में लैब की मशीनें, फर्नीचर और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कॉर्पियो में सवार लोग बडराई गांव में बरात में जा रहे थे। गाड़ी में पांच लोग सवार थे, जिन्हें नशे की हालत में होने की जानकारी सामने आई है। तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने के कारण गाड़ी सड़क के किनारे बनी लैब में घुस गई। गाड़ी का एयरबैग खुल गया और आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। लोगों ने दुकान मालिक को सूचना दी और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने स्कॉर्पियो गाड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।