इमलोटा गांव के खेतों में भरा बारिश का पानी।
चरखी दादरी। जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में खरीफ फसलों में हुए नुकसान की रिपोर्ट कृषि विभाग ने तैयार कर ली है। कृषि विभाग की रिपोर्ट में 2 लाख 23 हजार एकड़ में खड़ी बाजरा, ग्वार, धान, कपास व अन्य फसलों में नुकसान हुआ है। विभाग ने यह रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। सबसे ज्यादा नुकसान बाजरा में हुआ है और प्रभावित रकबा 1,51000 एकड़ है।
पिछले दिनों से हो रही बारिश की वजह से खरीफ की फसलों में अति नुकसान हुआ है। बारिश की वजह से खेतों में जलभराव हो गया जिससे फसलें खराब हो गई हैं। बारिश से बाजरा, धान व कपास में ज्यादा नुकसान हुआ है। यही फसल क्षेत्र में ज्यादा एरिया में हैं। बारिश की वजह से बाजरा की फसल पीली होकर सूखने लगी है। बाजरा पर लगी सरटी यानी फल पकने के बाद अब पानी में गिरने लगी है।
अब कृषि विभाग ने गत दो दिनों में विशेष आकलन रिपोर्ट तैयार की है। इसके लिए खंड कृषि अधिकारी व अन्य कर्मचारियों की मदद ली गई। खेतों में जाकर नुकसान का आकलन किया गया। इस आकलन की रिपोर्ट विभाग ने तैयार कर ली है। रिपोर्ट के अनुसार सर्वाधिक बाजरा का रकबा बारिश की चपेट में आया है।