चरखी दादरी। हुडा सेक्टरोंं के लिए प्रस्तावित 33 केवीए पावर सब स्टेशन निर्माण का कार्य विभागों के पत्र व्यवहार के बीच लटका हुआ है। जमीन की निशानदेही के लिए बिजली निगम हुडा प्रशासन को चार पत्र लिख चुका है। लेकिन, अब तक निशानदेही नहीं होने से इसके निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।
वहीं, एचएसवीपी प्रशासन की भिवानी शाखा के अधिकारी जमीन की निशानदेही करवाने के लिए हेड ऑफिस चंडीगढ़ को पत्र लिख देते हैं। भिवानी शाखा के अधिकारियों का कहना है कि पावर सब स्टेशन के लिए जगह की निशानदेही को अंतिम रूप चंडीगढ़ हेड ऑफिस की ओर से ही दिया जाना है। यहां सेक्टर क्षेत्र में 25 एमवीए क्षमता का पावर सब स्टेशन बनना है। हुडा प्रशासन अब तक 522 लोगों के ड्रॉ निकाल चुका है।
चरखी दादरी में चार सेक्टरों के गठन एवं निर्माण की प्रक्रिया पिछले करीब 16 साल से चल रही है। कांग्रेस सरकार के शासनकाल में शहर में हुडा सेक्टरोंं के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई थी। सामान्य अस्पताल से लेकर महेंद्रगढ़ रोड के साथ शहर के बाहरी भाग में हुडा की ओर से जमीन का अधिग्रहण किया गया। ताकि, क्षेत्रवासियों को सेक्टरों की सुविधा मिल सके। चरखी दादरी में सेक्टरों की सुविधा के लिए लोगों की लंबे समय से मांग चली आ रही थी।
- शहर में बनने हैं चार सेक्टर
शहर में एचएसवीपी प्रशासन की ओर से चार सेक्टरों के गठन की प्रक्रिया पूरी की जानी है। इसमें सेक्टर आठ-नौ, नौ-ए, व सेक्टर 11 शामिल हैं। सेक्टर आठ व नौ में 522 ड्राॅ भी निकाले जा चुके हैं। जून 2017 में हुडा की ओर से शहर के सेक्टर आठ व नौ के ड्राॅ निकाले जा चुके हैं। ड्राॅ निकाले जाने की प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी की गई थी।
- पांच एकड़ में बनना है एसटीपी
सेक्टरों के लिए एचएसवीपी प्रशासन अलग से नया एसटीपी बनवाएगा। ताकि, सीवरेज व्यवस्था को पूरी तरह से सुदृढ़ किया जा सके। एसटीपी पांच एकड़ में बनेगा। यहां एसटीपी निर्माण पूरा होने पर ही सीवरेज सिस्टम चालू हो सकेगा।
-30 एकड़ जमीन का किया गया है अधिग्रहण
एचएसवीपी प्रशासन ने सेक्टरों में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 30 एकड़ जमीन का अधिग्रहण कर रखा है। जलघर निर्माण का कार्य भी लटका हुआ है। जलघर नहीं बनने तक सेक्टर आबादी में अपने स्तर पर किसी अन्य विकल्प के जरिये पानी की आपूर्ति की जाएगी।
सेक्टर एरिया में 25 एमवीए क्षमता का पावर सब स्टेशन बनना है। जगह मुहैया करवाने के लिए बिजली निगम हुडा प्रशासन को बार- बार पत्र लिख रहा है। जैसे ही जगह बता दी जाएगी, पावर सब स्टेशन निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
-अविनाश यादव, एक्सईएन, बिजली निगम
सेक्टर जल्द आबाद होंगे। इस संबंध में मैंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष भी मांग रखी है। गत दिनों इस संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक भी हुई थी। जल्द से जल्द सेक्टरवासियों को सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
-सुनील सांगवान, विधायक, दादरी