‘राजू बंगाली जब तेरे पास रुपये हो, तब मेरे परिवार को 30 लाख रुपये दे देना’। अपने सुसाइड नोट के अंत में ये लाइनें लिखने के बाद सैनीपुरा निवासी प्रमोद (30) ने बुधवार दोपहर अपने घर फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर वीरवार सुबह सिविल अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम करवाया। मृतक की पत्नी के बयान और सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने अनुराग, बजरंग और राजू बंगाली के खिलाफ धारा 306 व 34 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार सैनीपुरा निवासी प्रमोद दुकानदार था, कुछ समय पहले उसने अपनी दुकान बेच दी थी। प्रमोद के फंदा लगाने की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने के कुद देर बाद ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव व सुसाइड नोट को अपने कब्जे में ले लिया। प्रमोद ने सुसाइड नोट में लिखा कि उसने अनुराग नामक एक व्यक्ति से सात लाख रुपये उधार लिए थे। ये रुपये उसे राजू बंगाली नामक व्यक्ति को दे दिए और राजू उसे समय पर रुपये नहीं लौटा पाया। इसके कारण अनुराग व उसके दोस्त बजरंग ने अनुराग की दुकान पर बुलाकर उससे गाली गलौज की और धमकी दी। जिससे क्षुब्ध होकर उसे यह कदम उठाना पड़ा।। सुसाइड नोट को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
मृतक प्रमोद दो भाइयों में छेटा था। वह शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। इस हादसे से दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। चर्चा है कि मृतक ने कुछ समय पहले अपनी रेलवे रोड स्थित एक दुकान बेची थी और उसके करीब 14 लाख रुपये भी किसी को दिए थे।
मृतक के पास मिले सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया है। जिसमें रुपयों के लेनदेन को लेकर यह कदम उठाने की बात कही गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। -बलबीर सिंह, सिटी थाना प्रभारी