चरखी दादरी। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर झेलने के बाद बुधवार को पांच माह बाद एक बार फिर अपना जिला कोरोना मुक्त हो गया। अब जिले में एक भी कोरोना सक्रिय केस नहीं है। मंगलवार तक जिले में एक ही केस सक्रिय था, जिसे शाम को डिस्चार्ज कर दिया गया। जिले में कोविड के नोडल अधिकारी व सांस्कृतिक विभाग के प्रधान सचिव डी सुरेश ने इस उपलब्धि के लिए उपायुक्त समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बधाई दी है।
जिले के कोविड नोडल अधिकारी डॉ. गौरव भारद्वाज ने बताया कि जिले में अब कोरोना का कोई भी एक्टिव मरीज नहीं है। कोरोना महामारी की शुरुआत से लेकर अभी तक जिले में कुल 207707 टेस्ट किए गए हैं, जिनमें से 202235 टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव आई जबकि 407 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है। इसके अलावा 5065 सैंपलों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब तक जिले में 139 संक्रमितों की मौत हुई है जबकि 4926 संक्रमितों ने कोरोना को मात दी है।
- मई में ढहाया कहर, जून-जुलाई में रुकी रफ्तार
दादरी में मई माह में कोरोना ने खूब कहर ढहाया। अकेले मई माह में दो हजार से अधिक संक्रमित मिले जबकि 85 लोगों की मौत हुई। जून में कोरोना का ग्राफ नीचे जाना शुरू हुआ। अगर जून माह की बात करें तो 79 संक्रमित मिले जबकि 175 स्वस्थ हुए। जून माह में 11 संक्रमितों ने दम तोड़ा। जुलाई माह की अगर बात करें तो दो संक्रमित मिले हैं जबकि दस स्वस्थ हुए हैं और एक की मौत हुई है।
पहली लहर के बाद फरवरी में जिला हुआ था कोरोना मुक्त
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार पहली लहर का प्रकोप झेलने के बाद दादरी जिला गत एक फरवरी को कोरोना मुक्त हो गया था, लेकिन मार्च में फिर से मामले बढ़ने शुरू हो गए और अप्रैल व मई में तो कोरोना के लगातार केस सामने आए। एक दिन में सर्वाधिक 257 पॉजिटिव केस भी मई माह में पाए गए।
जिले में 2,80,000 लोगों को हो चुका है टीकाकरण
जिले की आबादी 5.5 लाख है जबकि 3,30,000 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाने का लक्ष्य है। अब तक 2,80,000 से अधिक लोगों को टीकाकरण हो चुका है। जिले में 2,32,000 लोग पहली और 47000 से अधिक लोग दूसरी डोज लगवा चुके हैं। माना जा रहा है कि तेजी से वैक्सीनेशन भी कोरोना महामारी को रोकने में
तीसरी लहर का खतरा बरकरार, प्रोट्रोकाल का पालन करें
जिला के कोरोना मुक्त होने पर प्रधान सचिव डी सुरेश ने कहा है कि जिले के सभी लोगों के लिए ये सुखद अहसास है। लेकिन लोगों को लगातार सावधानी रखने की जरूरत है। विशेषज्ञों के मुताबिक कोरोना की तीसरी लहर के आने का खतरा बरकरार है और जिन क्षेत्रों में कोविड नियमों का पालन सही ढंग से नहीं किया जा रहा है, वहां तीसरी लहर का सबसे अधिक खतरा होगा। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को कोविड रोकथाम के लिए मास्क पहनना, उचित दूरी रखना और साबुन से बार-बार हाथ धोना जैसे कदम लगातार अपनी आदत में शामिल करें। कोविड प्रोटोकाल का पूरी तरह से पालन करें।
जिले में कोरोना का संक्रमण कम हो चुका है, लेकिन लोगों को कोविड प्रोटोकॉल की पालना अभी करते रहना चाहिए। लोगों की समझदारी से ही जिला दोबारा से कोरोना मुक्त हुआ है। मेरी अपील है कि 18 वर्ष से अधिक उम्र का प्रत्येक व्यक्ति वैक्सीन जरूर लगवाए।
अमरजीत सिंह मान, डीसी