रामनगर ग्राम पंचायत तीस लाख खर्च कर ग्रामीणों को शहरी तर्ज पर पार्क की सुविधा मुहैया करवाएगी। पार्क निर्माण का करीब साठ फीसदी काम पूरा हो चुका है और अब तक करीब 18 लाख रुपये की राशि खर्च की जा चुकी है। अगले डेढ़ माह के अंदर पार्क निर्माण का कार्य पूरा हो जाएगा और इसके बाद आदर्श गांव के बाशिंदों को सैरसपाटे के लिए परेशानियां नहीं झेलनी पड़ेंगी। पार्क निर्माण से करीब 1200 की आबादी को फायदा होगा।
दादरी-कनीना रोड पर बसा रामनगर आदर्श गांव है। इस गांव की सभी गलियां पक्की है और काफी तादाद में गांव के युवा सेना में भर्ती है। गांव में भूतपूर्व सैनिकों की संख्या भी आबादी के हिसाब से काफी है। सुबह व शाम बुजुर्गों को सैरसपाटे के लिए पार्क की सुविधा मुहैया कराने का प्रस्ताव काफी समय पहले ग्राम पंचायत ने पास किया था। पंचायत इसका निर्माण अपने स्तर पर ही करवा रही है। इसके लिए ढाई एकड़ जगह का चयन किया गया है। पार्क के साथ लगते पुराने तालाब के पानी को रिचार्ज कर इस सदुपयोग में लेने की भी पंचायत ने योजना बना रखी है। निर्माणाधीन पार्क में गांव के युवाओं के लिए ओपन जिम की भी सुविधा होगी और सोलर लाइट, फव्वारे इस पार्क की शोभा बढ़ाएंगे। लोगों ने बताया कि पार्क बनने से गांव की महिलाओं और बुजुर्गों को अधिक फायदा मिलेगा। युवाओं के लिए पार्क के चारों ओर ट्रेक बनाया जाएगा। सरपंच राजीव यादव ने बताया कि पार्क निर्माण कार्य 60 फीसदी पूरा हो चुका है और अगले डेढ़ माह के अंदर पार्क ग्रामीणों को समर्पित कर दिया जाएगा।
ये मिलेंगी पार्क में सुविधाएं
रामनगर सरपंच राजीव यादव ने बताया कि पार्क में युवाओं के दौड़ने और बुजुर्गों के घूमने के लिए 1600 मीटर का ट्रैक बनाया जाएगा। इसका निर्माण कार्य पूरा होने वाला है। इसके अलावा पार्क की चारों तरफ की दीवारों पर लोहे की ग्रिल, बच्चों के खेलने के लिए झूले, लोगों के बैठने के लिए सीमेंटेड सीट लगाई जाएंगी। इसके अलावा पार्क में फव्वारा सिस्टम भी लगाया जाएगा। वहीं, घास और विभिन्न प्रकार के पौधे हरियाली के लिए लगाए जाएंगे।
तालाब के पानी को रिसाइकिल कर लिया जाएगा प्रयोग में
पार्क के समीप ही एक पुराना तालाब भी है। इस तालाब में गांव के दूषित पानी पानी की निकासी होती है। सरपंच राजीव यादव ने बताया कि इस पानी को रिसाइकिल कर उपयोग में लिया जाएगा। तालाब का जीर्णोद्धार करवाकर पंपसेट लगा दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस पानी का उपयोग पार्क में भी किया जाएगा।
1995 में मिला था आदर्श गांव का दर्जा
गांव में करीब 250 मकान हैं और आबादी करीब 1200 है। 1995 में रामनगर को आदर्श गांव बनाया गया था और सरकार की सेवन स्टार योजना के तहत 2019 में फाइव स्टार रैंक प्राप्त की थी। गांव ओडीएफ फ्री है। गांव में 70 पूर्व सैनिक हैं और 34 युवा इस समय थल सेना, जल सेना, वायु सेना और पुलिस विभाग में अपनी सेवा दे रहे हैं। सरपंच राजीव ने बताया कि गांव की साक्षरता दर सौ प्रतिशत है।
पार्क का निर्माण पंचायत अपने स्तर पर करवा रही है। करीब 60 फीसदी काम पूरा हो चुका है और अगले डेढ़ माह के अंदर पार्क ग्रामीणों को समर्पित कर दिया जाएगा। पार्क करीब ढाई एकड़ जमीन पर बनाया जा रहा है और यहां विभिन्न सुविधाएं ग्रामीणों को मुहैया करवाई जाएगी।
राजीव यादव, सरपंच रामनगर