गांव भांडवा में आईआईटी में चयनित युवाओं को सम्मानित करते हुए।
- फोटो : 1
बाढड़ा। गांव भांडवा की ग्राम पंचायत ने शनिवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) में चयनित गांव के तीन होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित किया। पंचायत भवन में आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विद्यार्थी ऋषभ ने जेईई एडवांस्ड परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (एआईआर) 464 हासिल कर आईआईटी रुड़की में प्रवेश प्राप्त किया। वहीं प्रियंका का भी आईआईटी रुड़की में चयन हुआ। इसके अलावा मुनि का आईआईटी जोधपुर में भौतिकी (फिजिक्स) विषय में पीएचडी के लिए शोधार्थी के रूप में चयन हुआ है।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की यह उपलब्धि अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। कृष्ण सोनी ने कहा कि मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से कोई भी सफलता हासिल की जा सकती है। समारोह में सतीश, राजेश, अजय शास्त्री, जोगेंद्र आर्य, बलवान आर्य, रामकिशन शर्मा, सुंदर मान सहित ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।