फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: प्रगति का साक्षी बनेगा नववर्ष, धरातल पर उतरेंगी विकास परियोजनाएं

Thu, 01 Jan 2026 02:15 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
बाढड़ा में निर्माणाधीन उपमंडल स्तरीय लघु सचिवालय। 
विज्ञापन
चरखी दादरी। नव वर्ष 2026 के आगमन के साथ ही कैलेंडर का पन्ना बदल चुका है। वर्ष 2025 अपनी मिली जुली यादों, उपलब्धियों के साथ इतिहास के झरोखे में समा गया है। वहीं, नव वर्ष 2026, प्रदेश के युवा जिलों में शामिल चरखी दादरी के लिए उम्मीदों का नया सवेरा लेकर आया है। वर्ष 2026 दादरी जिले के बुनियादे ढांचे और विकास की फेहरिस्त में नई ऊंचाइयां छूने को तैयार है।
विज्ञापन

कई परियोजनाओं के पूरे होने का साक्षी बनेगा 2026
नव वर्ष 2026 दादरी जिले में कई परियोजनाओं के पूरे होने तो कुछ महत्वपूर्ण परियोजनाओं के शुरू होने का साक्षी बनेगा। इस वर्ष में जिले को कई ऐसी सौगातें मिलने की उम्मीद हैं, जिनका पिछले लंबे समय से इंतजार किया जा रहा है। ये परियोजनाएं जिले के बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ स्वास्थ्य, जन स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग आदि से संबंधित हैं। संवाद
-दादरी को मिलेगा जिलास्तरीय लघु सचिवालय भवन
दादरी के चिड़िया मोड़ के समीप घसौला रोड पर 72 करोड़ रुपये की लागत से जिलास्तरीय लघु सचिवालय का निर्माण अंतिम चरण में है। वर्ष 2026 में अप्रैल महीने में जिलास्तरीय लघु सचिवालय प्रशासन को सौंप दिया जाएगा। जिसके बाद सभी विभागों के अधिकारी एक ही छत के नीचे बैठ सकेंगे और लोगों को इधर-उधर चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
विज्ञापन

-शुरू हो सकता है जिला न्यायिक परिसर का निर्माण
दादरी के घसौला रोड पर प्रस्तावित जिला न्यायिक परिसर के लिए प्रशासन को करीब 24 एकड़ जमीन का कब्जा मिल चुका है। जमीन का कब्जा मिलने के बाद अब जल्द ही इसके भवन के डिजाइन को फाइनल करते हुए निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उम्मीद है कि वर्ष 2026 में जिला न्यायिक परिसर का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
-बाल भवन का निर्माण होगा पूरा
दादरी के चरखी गेट से महेंद्रगढ़ रोड की तरफ जाने वाली सड़क पर बाल भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बाल भवन का निर्माण कार्य वर्ष 2026 में पूरा होने की उम्मीद है। बाल भवन बनने के बाद लोगों को इसका काफी लाभ मिल सकेगा।
-बाढड़ा में उपमंडल लघु सचिवालय का निर्माण होगा पूरा
बाढड़ा में उपमंडल स्तरीय लघु सचिवालय का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। फरवरी 2022 में इसका शिलान्यास किया गया था। वर्ष 2026 में इसका निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। जिसके बाद अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ-साथ आमजन को काफी राहत मिलेगी।
-दादरी-रोहतक रोड का हो जाएगा नवीनीकरण
दादरी से रोहतक रोड पर कस्बा बौंद कलां तक पिछले काफी समय से जर्जर हाल सड़क का नवीनीकरण कार्य शुरू हो चुका है। करीब 37.62 करोड़ रुपये की लागत से चल रहा यह कार्य वर्ष 2026 में पूरा होने की उम्मीद है। इस सड़क का नवीनीकरण होने से दर्जनों गांवों के हजारों वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
-दादरी-चिड़िया रोड नवीनीकरण कार्य होगा पूरा
दादरी से चिड़िया रोड की हालत भी बेहद खस्ता थी। इससे वाहन चालकों के अलावा राहगीरों को भी परेशानी होती थी। लोक निर्माण विभाग द्वारा वर्ष 2025 में इस सड़क के नवीनीकरण का कार्य शुरू करवाया गया। करीब 27 करोड़ रुपये से सड़क का नवीनीकरण होने से प्रतिदिन हजारों वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
-पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने को 115 करोड़ का प्रोजेक्ट होगा पूरा
दादरी शहर में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से 115 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है। इसके तहत चंपापुरी कॉलोनी स्थित मुख्य जलघर, गांव कपूरी और गांव घिकाड़ा जल घर में पानी भंडारण क्षमता बढ़ाई जा रही है। शहर में तीन नए बूस्टिंग स्टेशन के निर्माण के साथ-साथ नई लाइनें भी बिछाई जा रही हैं। यह प्रोजेक्ट वर्ष 2026 में पूरा होने की उम्मीद है।
-नागरिक अस्पताल में शुरू होगी एमआरआई सुविधा
वर्ष 2025 में दादरी जिला मुख्यालय पर स्थित नागरिक अस्पताल में सीटी स्कैन की सुविधा शुरू हो चुकी है। अब विभाग का प्रयास है कि वर्ष 2026 में यहां एमआरआई सुविधा भी शुरू करवाई जाए। जिससे मरीजों को एमआरआई के लिए भिवानी या रोहतक न जाना पड़े।
-नागरिक अस्पताल के ब्लड बैंक में बढ़ेंगी सुविधाएं
दादरी के नागरिक अस्पताल में वर्ष 2025 में ब्लड बैंक की शुरुआत हो चुकी है लेकिन अभी तक यहां केवल रक्त ही मिल पाता है। वर्ष 2026 में विभाग की ओर से ब्लड बैंक में कंपोनेंट सेपरेटर मशीन भी लगवाई जाएगी। जिससे मरीजों को प्लाज्मा आदि यहीं पर उपलब्ध हो सकेगा।
-200 बेड के अस्पताल की मिलेंगी सुविधाएं
दादरी जिला मुख्यालय पर स्थित 100 बेड के नागरिक अस्पताल को सरकार की ओर से 200 बेड के अस्पताल में अपग्रेड किया जा चुका है। वर्ष 2026 में उम्मीद है कि यहां पर 200 बेड के अस्पताल के अनुसार ही चिकित्सक व अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी मिल सकेंगे। जिससे सीधे तौर पर मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

विधायक सुनील सांगवान ने दी बधाई
विधायक सुनील सांगवान ने नववर्ष के आगमन पर हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि नव वर्ष सभी के लिए विकास और बुलंदियों का नया सवेरा लेकर आए। सभी के परिवारों में सुख-शांति का वास हो। प्रदेश की नायब सरकार ने समाज के हर वर्ग के लिए विकास और उत्थान के अनेक कार्य किए हैं। नए वर्ष में सभी को ऐसा संकल्प लेकर कार्य करने की जरूरत है जिससे समाज, प्रदेश व देश का चहुंमुखी विकास हो। नव वर्ष में दादरी का बेहतर विकास करवाने के लिए जनता के सहयोग से कार्य करने का उन्होंने संकल्प लिया है।
उपायुक्त ने दी नववर्ष की शुभकामनाएं
उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल ने सभी जिलावासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने कहा कि नववर्ष सभी के लिए नई सोच व नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने का अवसर होता है। उन्होंने आशा जताई कि प्रथम जनवरी, 2026 से समस्त दादरी वासी समाज हित के संकल्प के साथ जीवन पथ पर निरंतर आगे बढ़ेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें