फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: ढाई घंटे गुल रही नागरिक अस्पताल की बत्ती, सेवाएं प्रभावित रहने से मरीजों ने झेली परेशानी

Thu, 29 Jun 2023 12:30 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
 बिजली गुल रहने से अस्पताल की पुरानी ओपीडी विंग के प्रवेश द्वार पर बैठे स्वास्थ्यकर्मी और मरीज।
विज्ञापन
चरखी दादरी। नागरिक अस्पताल में पिछले दस दिन से बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है। गत आठ दिनों में चौथी बार अस्पताल की बिजली आपूर्ति बुधवार को ढाई घंटे तक बाधित रही। इसके चलते सेवाएं ठप हो गईं और चिकित्सकों को मरीजों का अंधेरे में बैठकर उपचार करना पड़ा। दूसरी ओर अस्पताल परिसर में लाइटें और पंखे बंद रहने से करीब 400 से अधिक मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ी और 200 से अधिक मरीज बिना उपचार के ही वापस घर लौट गए।
विज्ञापन


हॉटलाइन सुविधा होने के बावजूद भी बुधवार को सिविल अस्पताल में ढाई घंटे तक बत्ती गुल रही। इसके चलते सेवाएं ठप हो गईं और अस्पताल में अंधेरा पसरा रहा। उमस भरी गर्मी से निजात पाने के लिए मरीज मुख्य गेट पर फर्श पर बैठने को विवश हुए। आलम ये रहा कि अस्पताल पहुंचे कई मरीज तो ओपीडी पर्ची तक नहीं बनवा पाए और बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद ही तमाम सेवाएं शुरू हो पाईं। विभागीय सूत्रों के अनुसार पिछले दस दिनों से अस्पताल में बिजली संबंधी समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो पाया। इस मामले में हो रही लेटलतीफी का खामियाजा मरीजों और तीमारदारों को भुगतना पड़ रहा है।
बता दें कि निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए बिजली निगम ने नागरिक अस्पताल को हॉटलाइन से जोड़ा हुआ है। इसके अलावा यहां जेनरेटर की सुविधा भी है। पिछले दस दिनों से जहां हॉटलाइन का काम चल रहा है तो वहीं जेनरेटर खराब पड़ा है। इसके चलते सामान्य लाइन के जरिये ही अस्पताल में बिजली आपूर्ति होती है। बिजली निगम के फीडर पर कट लगते ही अस्पताल की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो रही है। बुधवार सुबह 10 बजे बत्ती गुल हुई जो करीब साढ़े 12 बजे बहाल हो पाई।
विज्ञापन



- वार्डाें में भर्ती मरीज भी रहे परेशान
बत्ती गुल होने से एकतरफ उपचार के लिए अस्पताल में आए 400 मरीजों को दिक्कतें झेलनी पड़ी तो दूसरी ओर वार्डाें में भर्ती करीब 20 मरीज भी परेशान रहे। उनके तीमारदार उन्हें हाथ वाले पंखे से हवा करते नजर आए। वार्ड में भर्ती मरीजों ने बताया कि पिछले चार दिनों में दो बार ऐसी स्थिति बन चुकी है और बिजली आपूर्ति लंबे समय बाद बहाल होती है।


- मरीज बोले- विभागों के तालमेल की गड़बड़ी में पीस रहे हम
अस्पताल में आए मरीज सुनील, करतार, जोगेंद्र, पूनम, सुजाता, दीपिका, प्रीति, दिनेश, मोहन, सुमित्रा, सुषमा, ज्योति, मोनिका और महेश ने बताया कि दो घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी अस्पताल की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। स्वास्थ्य विभाग और बिजली निगम के आपसी तालमेल में गड़बड़ी है और इसके चलते अस्पताल आने वाले मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।



नागरिक अस्पताल हॉटलाइन से जुड़ा है इसके बावजूद यहां बिजली की समस्या है। इसका सीधे तौर पर असर स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है। हमने जेनरेटर का खराब हुआ उपकरण मंगवा रखा है। उपकरण आते ही जेनरेटर सुविधा को शुरू करवा दिया जाएगा।
विज्ञापन

डॉ. कृष्ण कुमार, सीएमओ, चरखी दादरी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें