बाढड़ा। बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक उमेद पातुवास ने हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र में हलके की अहम समस्याएं और लंबित मांगें जोरदार तरीके से उठाईं। उन्होंने बीमा क्लेम घोटाले की उच्च स्तरीय जांच, किसानों को बकाया मुआवजा, और ढीले बिजली तारों को ऊंचा करवाने जैसे मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
विधायक ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताते हुए कहा कि बाढड़ा क्षेत्र में सरकार की ओर से कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं, जिनसे आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने हरियाणा की ट्रिपल इंजन सरकार की तारीफ करते हुए उसे प्रदेश में चहुंमुखी विकास का वाहक बताया। विधायक पातुवास ने कहा कि खनन प्रभावित गांवों में पर्यावरण स्तर बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण और हरित क्षेत्र के विकास की आवश्यकता है। इसके लिए सरकार को पार्क विकसित करने और मियावाकी पद्धति लागू करने जैसे कदम उठाने चाहिए।
विधानसभा में उठे प्रमुख मुद्दे
बीमा क्लेम घोटाले की जांच उच्च स्तर पर कराए जाने की मांग।
किसानों को बकाया मुआवजा जल्द दिलाने की आवश्यकता।
खेतों में बिजली के ढीले तारों को ऊंचा करने की मांग।
मेडिकल कॉलेज निर्माण जल्द शुरू करने की आवश्यकता (गांव घसोला में)।
सोलर कनेक्शन को सिंचाई के लिए सब्सिडी पर उपलब्ध कराने की मांग।
सड़क निर्माण के दौरान बिजली पोलों को स्थानांतरित कराने का प्रस्ताव।
गांवों के बीच स्थित जोहड़ों को स्थानांतरित करने की जरूरत।
भूजल स्तर में गिरावट को देखते हुए रिचार्ज के लिए विशेष योजना शुरू करने का सुझाव।
खनन से प्रभावित गांवों में पर्यावरण सुधार के लिए मियावाकी पद्धति से पार्क विकसित करने की मांग।