चरखी दादरी के भाजपा कार्यालय में हवन करते सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह, जिलाध्यक्ष सुनील इंजीनियर व
चरखी दादरी। भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने किसानों को देसी शराब बनाने की अनुमति देने की केंद्र और प्रदेश सरकार से मांग की है। सांसद ने कहा कि देसी शराब के उत्पादन से किसानों की आय बढ़ेगी और नकली शराब पर अंकुश लगेगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को लोकसभा सत्र के दौरान उठाए गए मुद्दों की जानकारी भी दी।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील इंजीनियर की नियुक्ति के बाद रविवार को पार्टी कार्यालय में हवन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि किसानों को देसी शराब बनाने की अनुमति मिलने से फायदा होगा। देसी शराब बनाने मेंं किसानों के उत्पादों का प्रयोग किया जाए तो किसानों की आय दोगुनी व तिगुनी हो सकती है। साथ ही नकली शराब व शराब पीने से प्रतिवर्ष हो रहीं मौतों पर भी अंकुश लग सकता है।
उन्होंने कहा कि देसी शराब बनाने में गन्ना, टमाटर, जौ, किन्नू, कीकर, जांटी व अन्य फसलों का उपयोग किया जाए। इससे किसानों के उत्पाद बिकेंगे और पीने के लिए जहरमुक्त शराब भी मिलेगी। पहले के समय में शराब को दवा माना जाता था। आज कई प्रकार के रसायन आदि मिलाकर इसे शराब कहा जाने लगा है।
सरकार को भेजा प्रस्ताव
वहीं, सांसद ने कहा कि जिले में आईआईटी व इंडस्ट्रियल एरिया स्थापित करने के लिए ग्राम पंचायतों से जमीन के प्रस्ताव लेकर सरकार को भेजे हैं। इस दौरान उन्होंने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सुनील इंजीनियर को बधाई दी। उन्होंने दादरी विधायक सुनील सांगवान व बाढड़ा विधायक उमेद पातुवास के साथ हवन में आहुति अर्पित कर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से केंद्र सरकार की ओर से क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे। सांसद ने 2047 तक भाजपा के नेतृत्व में ही देश के विकसित राष्ट्र बनने का दावा किया।