फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: सूरज की तपत से बढ़ी मुशकिलें, 41 डिग्री पहुंचा पारा

Sun, 17 May 2026 01:50 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
शाम को 6 बजे रोज गार्डन में खेलते हुए बच्चे। - फोटो : 1
विज्ञापन
चरखी दादरी। जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जबकि न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री दर्ज किया गया। दिनभर चलने वाली गर्म हवाओं ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार 20 मई तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है जिससे आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। शाम के समय तापमान में हल्की गिरावट आने के बाद लोग घरों से बाहर निकलते दिखाई दिए। शहर के पार्कों, बाजारों और मुख्य मार्गों पर शाम के समय लोगों की चहल-पहल बढ़ गई। बच्चे और युवा देर शाम तक बाहर घूमते नजर आए।
विज्ञापन


घरों में रहने को मजबूर लोग
सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर आवाजाही काफी कम दिखाई दी। जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। खासकर दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक लू का असर सबसे अधिक देखने को मिला। गर्मी के कारण राहगीरों, मजदूरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं।

रात का पारा 30 पर पहुंचा
दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। न्यूनतम तापमान 30 डिग्री तक पहुंचने से रात के समय भी उमस और गर्म हवाओं से राहत नहीं मिल रही। बिजली की बढ़ती खपत के चलते कई क्षेत्रों में बार-बार कट लगने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि दिन और रात दोनों समय गर्मी असहनीय बनी हुई है।
विज्ञापन


ठंडे पदार्थों का सहारा
भीषण गर्मी के चलते ठंडे खाद्य पदार्थों और पेय पदार्थों की मांग में भी तेजी आई है। शहर में गन्ने के रस, शिकंजी, लस्सी, नींबू पानी, आईसक्रीम और कोल्ड ड्रिंक की दुकानों पर दिनभर भीड़ लगी रही। दुकानदारों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में बिक्री में काफी बढ़ोतरी हुई है। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं।

पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं
डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हल्के भोजन का सेवन करने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि लापरवाही बरतने पर लू और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। सिर पर कपड़ा या छाता लेकर घर से निकलें और समय समय पर पानी या ठंडे पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें