फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: गर्मी ने दिखाने शुरू किए कड़े तेवर, अस्पताल में लगी मरीजों की भीड़

Mon, 20 Apr 2026 11:14 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
अस्पताल में ओपीडी की पर्ची कटवाने के लिए लगी भीड़।  - फोटो : 1
विज्ञापन
चरखी दादरी। जिले में गर्मी ने अब तेवर पूरी तरह से दिखाने शुरू कर दिए हैं। दिन का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचने से आमजन का जनजीवन प्रभावित हो गया है वहीं रात के समय भी लोगों को राहत नहीं मिल रही। बीती रात न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया जिससे उमस और गर्मी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। हालात ऐसे हैं कि देर रात तक भी गर्म हवाएं चलने से लोग चैन की नींद नहीं ले पा रहे। अस्पताल की ओपीडी में भी मरीजों की संख्या 800 से बढ़कर 1200 पहुंच गई है।
विज्ञापन


दिन में महसूस हो रहे लू के थपेड़े
दिन के समय तेज धूप और लू के थपेड़ों के कारण बाजारों में सन्नाटा पसरा रहने लगा है। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम हो जाती है और जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। गर्मी से बचने के लिए लोग सिर ढककर और पानी की बोतल साथ लेकर ही बाहर निकल रहे हैं। ठंडे पेय पदार्थों और आईसक्रीम की मांग में भी तेजी आई है।

डिहाइड्रेशन और पेट संबंधी बीमारियां बढ़ीं
गर्मी का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर भी साफ दिखाई देने लगा है। बदलते मौसम और तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव से बुखार-जुकाम, डिहाइड्रेशन और पेट संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इसका असर सिविल अस्पताल में भी देखने को मिल रहा है जहां सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं। डॉक्टरों के अनुसार इस मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है खासकर बच्चों और बुजुर्गों को धूप से बचाना जरूरी है।
विज्ञापन



सावधानियां बरतने के जरूरत
चिकित्सकों का कहना है कि तेज गर्मी में शरीर में पानी की कमी होना आम बात है। इसलिए अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करना चाहिए। साथ ही धूप में निकलने से बचना, हल्के और ढीले कपड़े पहनना और संतुलित आहार लेना भी जरूरी है। लापरवाही बरतने पर हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्या भी हो सकती है।

राहत के आसार नहीं
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। आने वाले कुछ दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। हालांकि 26 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है जिससे हल्की राहत मिल सकती है। बढ़ती गर्मी ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है और यदि समय रहते सावधानी नहीं बरती गई तो स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं और बढ़ सकती हैं।


वर्सन:
मौसम आमतौर पर 25 अप्रैल तक खुश्क व गर्म रहने की संभावना है। इस दौरान बीच-बीच में गर्म हवाएं अर्थात लू चलने का अनुमान है। इस दौरान दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने और रात्रि तापमान में ज्यादा बदलाव न होने की संभावना है। 26 अप्रैल से एक और पश्चिमी-विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से राज्य के मौसम में फिर से बदलाव आने की संभावना बन रही है। - डॉ. मदन खीचड़, विभागाध्यक्ष, कृषि मौसम विज्ञान विभाग
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें