चरखी दादरी। प्रशासन ने वीरवार को शहर में बढ़ रहे अतिक्रमण की तरफ ध्यान दिया। दोपहर बाद नगर परिषद और पुलिस की संयुक्त टीम ग्राउंड में उतरी। टीम ने पीली पट्टी तक या इससे आगे लगी रेहड़ियों को पीछे करवाया। इतना ही नहीं अगली बार रेहड़ी आगे मिलने पर सामान जब्त करने की चेतावनी दी गई। पहले दिन टीम ने नरम रवैया बरता, लेकिन बावजूद इसके एक पार्किंग को खाली करवाया।
दोपहर करीब सवा दो बजे नगर परिषद और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के आंबेडकर चौक से अतिक्रमण हटाओ मुहिम शुरू की। आंबेडकर चौक से लेकर मंगल मार्केट तक महज 50 मीटर की दूरी में टीम को 30 रेहड़ियां पीली पट्टी तक या इससे आगे खड़ी मिलीं। इस पर संज्ञान लेकर हुए पुलिसकर्मियों की अगुवाई में इन रेहड़ियों को टीम ने पीछे करवाया। इतना ही नहीं बाकयदा माइक से अनाउसमेंट की गई शुक्रवार को अगर किसी ने रेहड़ी आगे लगाई तो उसे सामान समेत जब्त किया जाएगा। वीरवार को ग्राउंड में उतरी टीम ने रवैया नरम रखा और किसी दुकानदार या रेहड़ी वाले का सामान जब्त नहीं किया।
बता दें कि एसडीएम नवीन कुमार अतिक्रमण को खत्म करने में दुकानदारों और रेहड़ी वालों से कई बार सहयोग की अपील कर चुके हैं। उनकी तरफ से अपील के साथ कार्रवाई की चेतावनी भी दी जा चुकी है। बावजूद इसके अतिक्रमण का दायरा कम नहीं हुआ। इसे देखते हुए वीरवार दोपहर पुलिस और नगर परिषद की संयुक्त टीम ने आंबेडकर चौक से लेकर नगर परिषद कार्याल तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान कोर्ट रोड पर हालात विकट मिले। यहां टीम को सड़क तक रेहड़ियां और स्टॉलें लगी मिलीं। इस पर संज्ञान लेकर रेहड़ियों को पीछे करवाया गया जबकि स्टॉलों को उठवाया गया।
आठ लाख से बनी पार्किंग पर चार साल से रेहड़ी वालों का था कब्जा
मंगल मार्केट के मोड़ पर नगर परिषद ने करीब चार साल पहले आठ लाख का बजट खर्च कर दुपहिया वाहनों के लिए पार्किंग बनवाई थी। पार्किंग बनने के बाद ये यहां वाहनों की जगह रेहड़ियां खड़ी हो रही थीं। वीरवार को अतिक्रमण हटवाने पहुंची टीम की नजर इस पार्किंग पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल वहां रेहड़ी लगाने वालों को वहां से खदेड़ दिया। साथ ही भविष्य में उन्हें यहां रेहड़ी न लगाने की नसीहत दी गई।
5 से सात फुट तक मिला अतिक्रमण
टीम को आंबेडकर चौक से लेकर नगर परिषद कार्यालय तक कई जगहों पर अतिक्रमण मिला। हालांकि सामान जब्त करने की जगह माइक से सामान को पीछे रखने के निर्देश दिए गए। ज्यादातर जगहों पर टीम को पांच से सात फुट तक अतिक्रमण मिला। टीम ने स्पष्ट हिदायत दी कि शुक्रवार से नरमी नहीं बरती जाएगी।
प्रशासन के निर्देशों पर मुहिम चलाई गई। पहले दिन केवल चेतावनी दी गई है और यह मुहिम लगातार जारी रहेगी। अगली बार टीम सीधे सामान जब्त करेगी और इस संबंध में हिदायतें दे दी गई हैं।
-राजेश वर्मा, ईओ, नगर परिषद