बाढड़ा। बेमौसम बारिश से जिले में रबी सीजन की फसलों में 20 से 30 प्रतिशत तक नुकसान हुआ है। सरकार स्पेशल गिरदावरी के नाम पर चुप्पी साधे हुए है। मंडियों में फसल बेचने के नाम पर किसानों में भय का माहौल बनाया जा रहा है।
यह बात हरियाणा स्टोन क्रेशर एसोसिएशन के अध्यक्ष सोमबीर सिंह घसौला ने क्षेत्र के कई गांवों में खेतों में प्रभावित फसलों का जायजा लेने के बाद किसानों से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि तेज हवाओं के साथ आई बारिश ने पकी हुई सरसों की फसल में सबसे अधिक नुकसान पहुंचाया है वहीं, गेहूं की फसल में भी उत्पादन में गिरावट आएगी। सोमबीर ने कहा कि आज सरकार की तरफ से नुकसान की भरपाई के लिए कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है जिससे अन्नदाता की कमर टूट गई है। विपक्ष में रहकर किसानों की आवाज उठाने वाली भाजपा सरकार अब चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि मंडियों में अनाज बिक्री से पहले ही अनेक शर्तें थोपकर किसानों में भ्रम व भय का माहौल पैदा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सीएम नायब सिंह सैनी काफी समय पूर्व गांव झोझू कलां आए थे। दादरी विश्राम गृह में जिले के किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात में सीएम कई वादे करके गए थे आज वे पूरा करने में नाकाम रहे हैं। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि वह कृषि क्षेत्र के अब तक के सबसे बड़े फसल बीमा घोटाले की जांच से पीछे क्यों हट रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी सबसे अधिक है। युवा वर्ग नशे की चपेट में आ रहा है जो समाज में अनेक तरह के अपराध व विकृतियां पैदा कर रहा है।