कस्बे के ब्राह्मण भवन में आयोजित बैठक में मौजूद बीज विक्रेता।
बाढड़ा। सरकार की ओर से बार-बार कानून बनाकर खाद-बीज विक्रेताओं का उत्पीड़न करना न्यायसंगत नहीं है। सरकार के संशोधन विधेयक के विरोध में उपमंडल के खाद-बीज विक्रेता एक सप्ताह तक हड़ताल पर रहेंगे। सरकार जल्द नहीं चेती तो लाइसेंसों को एकत्रित कर राज्यपाल को सौंपे दिए जाएंगे।
कस्बे के ब्राह्मण भवन में बलवान सिंह भांडवा ने खाद- बीज विक्रेताओं की बैठक में यह बात कही। सुनील गोपी ने कहा कि बीज विधेयक में अनेक खामियां हैं। इसके तहत किसी भी तरह की बीज की गुणवत्ता या अन्य मामलों में केवल बीज विक्रेताओं को ही जिम्मेदार ठहराने का प्रावधान किया गया है, जो पूर्णतया गलत है।
सरकार की मनमानी के विरोध में खाद-बीज विक्रेता आगामी एक सप्ताह तक हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान सरकार के सभी मंत्रियों, अधिकारियों को मांग-पत्र भी भेजा जाएगा। बैठक में पवन शर्मा, सुनील चांदवास, सुरेश गोपी, ओमबीर जाखड़, कुलदीप बेरला, धर्मेंद्र कादमा, सुरेश, पवन अटेला, परमजीत, कुलबीर सिंह आदि मौजूद रहे।