चरखी दादरी। महेंद्रगढ़ के ऊंची बांडोर गांव निवासी एक व्यक्ति ने शनिवार शाम घसोला नहर के समीप अपने ऑटो मे फंदा लगा लिया। रविवार सुबह झोझूकलां थाना पुलिस ने सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के पिता के बयान पर पुलिस ने इत्तफाकिया मौत संबंधी कार्रवाई की है। जांच अधिकारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अगली कार्रवाई अमल में लाएगी।
पुलिस को दिए बयान में ऊंची बांडोर निवासी चंदगीराम ने बताया कि उसका बेटा आनंद (42) ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी रोहतक में ससुराल है और शनिवार को वो ऑटो लेकर अपने ससुर को दवा दिलाने गया था। शनिवार शाम उन्हें सूचना मिली कि आनंद ने दादरी के घसोला गांव के समीप स्थित नहर के पास अपना ऑटो खड़ा कर उसमें फंदा लगा आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने के बाद परिजन वहां पहुंचे तो आनंद का शव ऑटो स्टार्ट करने वाली रस्सी से लटका मिला।
वहीं, झोझूकलां थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और देर शाम ही दादरी सिविल अस्पताल में रखवा दिया। रविवार सुबह पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर शव का पोस्टमार्टम करवाया। मृतक के पिता ने बताया कि आनंद पिछले दो-तीन दिन से मानसिक तनाव में था और उसके दो बच्चे हैं।
मृतक के पिता के बयान पर पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है। रविवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
-प्रदीप कुमार, जांच अधिकारी एवं हेड कांस्टेबल, झोझूकलां थाना