चरखी दादरी। शहर के छोटी बाजारी को जाने वाली सड़क के बीच तीन दिन पहले सड़क धंसने से पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो बड़ा गड्ढा बन गया था। स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना गड्ढा हादसें का कारण बन सकता था।
स्थानीय लोगों की परेशानी को देखते हुए सोमवार को संवाद न्यूज एजेंसी की ओर से अमर उजाला अखबार में प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। खबर पर संज्ञान लेते हुए जनस्वास्थ्य विभाग की एक विशेष टीम सोमवार को मौके पर पहुंची और धंसी हुई पेयजल लाइन को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया।
छोटी बाजारी क्षेत्र में सड़क के बीचो-बीच गुजर रही पेयजल पाइपलाइन अंदरूनी रिसाव (लीकेज) के कारण बैठ गई थी। इसके चलते सड़क पर एक बड़ा और गहरा गड्ढा बन गया था। मुख्य सड़क से दिनभर लोगों और वाहनों की भारी आवाजाही रहती है। गड्ढा होने से दोपहिया वाहन चालक यहां गिरकर चोटिल हो रहे थे वहीं व्यापारिक प्रतिष्ठानों के सामने जाम की स्थिति बनी रहती थी। स्थानीय लोगों की ओर से इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की थी लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों की परेशानी को देखते हुए संवाद न्यूज एजेंसी ने जनहित के इस मुद्दे को अमर उजाला अखबार में प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
खबर में बताया गया था कि किस तरह विभाग की लापरवाही से किसी बड़े हादसे का अंदेशा बना हुआ है और स्थानीय व्यापार भी इससे प्रभावित हो रहा है।
खबर छपने के तुरंत बाद जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को विभाग की टीम ने छोटी बाजारी पहुंचकर काम शुरू किया। अधिकारियों का कहना है कि धंसी हुई लाइन को पूरी तरह ठीक करवा दिया जाएगा। ताकि भविष्य में दोबारा रिसाव न हो। लाइन ठीक करने के बाद गड्ढे को भरकर सड़क को समतल कर दिया जाएगा।