चरखी दादरी। लोहारू रोड स्थित मेजबान चौक के दोनों तरफ की सड़क की दशा जल्द सुधरेगी। इसके लिए नगर आयुक्त एवं एडीसी डॉ. जयेंद्र सिंह ने एक संयुक्त कमेटी गठित कर दी है, जिसमें नगर परिषद के अलावा सिंचाई व वन विभाग के अधिकारी को शामिल किया गया है। ये कमेटी सड़क के साथ लगती सिंचाई विभाग की जमीन के सदुपयोग का प्रारूप भी तैयार करेगी।
मेजबान चौक से हुडा सेक्टर का जुड़ाव करने वाली और मेजबान चौक को दमकल कार्यालय वाले मार्ग से जोड़ने वाली सड़क लंबे समय से जर्जर पड़ी है। हुडा सेक्टर की तरफ जाने वाली सड़क से दोपहिया वाहन का गुजरना खतरे से खाली नहीं है। इस सड़क के पुनर्निर्माण की मांग पिछले तीन साल से उठ रही है। इसी प्रकार इसके ठीक सामने वाली गली का भी निर्माण कार्य लंबे समय से अधर में लटका हुआ है।
नगर आयुक्त एवं एडीसी डॉ. जयेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों सड़कों के साथ-साथ पहले माइनर होती थी, जो बंद की जा चुकी है। माइनर वाली जमीन के सदुपयोग का बेहतर प्रारूप तैयार करने के लिए संयुक्त कमेटी गठित की गई है। इसमें नगर परिषद के अलावा वन विभाग व सिंचाई विभाग के अधिकारी शामिल है। चुनाव संपन्न होने के बाद ये टीम जो प्रारूप सौंपेंगी उस पर तत्काल काम शुरू करवा दिया जाएगा।
सड़क बनने से तीन हजार से ज्यादा वाहन चालकों को मिलेगी राहत
ये दोनों शहर की प्रमुख सड़कें हैं। इन सड़कों की दशा सुधरने से करीब तीन हजार लोगों को प्रतिदिन राहत मिलेगी। इस समय हुडा सेक्टर को मेजबान चौक से जोड़ने वाली सड़क की हालत काफी खराब है। इसके चलते लोग यहां से गुजरने के बजाय लंबी दूरी तय करने को विवश है।
मानसून सीजन से पहले होगा सुधार
अधिकारियों की मानें तो आदर्श आचार संहिता हटते ही सड़कों की दशा सुधारने और सिंचाई विभाग की जमीन को सदुपयोग में लेने की कवायद पर काम शुरू कर दिया जाएगा। प्रशासन की योजना है कि मानसून सीजन से पहले सड़क की दशा सुधार दी जाए, ताकि लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
वर्जन:
मेजबान चौक के दोनों तरफ जाने वाली सड़क की दशा जल्द सुधारी जाएगी। इसके लिए कमेटी गठित की जा चुकी है। आचार संहिता हटते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। - डॉ. जयेंद्र सिंह, एडीसी एवं नगर आयुक्त।