चरखी दादरी। इन दिनों शीत लहर लोगों पर कहर बनकर टूट रही है। इसके चलते जिला नागरिक अस्पताल में खांसी व जुकाम के मरीजों की संख्या 500 से अधिक पहुंच गई है, लेकिन अस्पताल में पिछले चार महीने से कफ सीरप का स्टॉक खत्म होने से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं खांसी की दवा बाहर स्थित दुकानों से खरीदने के कारण उनकी जेब पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है। उपचार के लिए मरीजों ने अस्पताल प्रशासन से कफ सीरप मंगवाने की मांग की है, ताकि अस्पताल आए मरीजों को दवा खरीद कर न लानी पड़े। नागरिक अस्पताल में इन दिनों खांसी व जुकाम के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्थानीय कर्मचारियों का कहना है कि अस्पताल में प्रतिदिन कुल ओपीडी की संख्या 1,100 के करीब होती हैं, वहीं खांसी व जुकाम की ओपीडी 500 के पार पहुंच रही है।
चार महीने से दवा का स्टाॅक खत्म
दवा भंडारण में कफ सीरप का स्टॉक खत्म हुए चार माह से अधिक समय गुजर चुका है, लेकिन सर्दी की सीजन चरम बिंदू तक पहुंचने के बाद भी मरीजों को कफ सीरप नहीं मिल रही हैं। अस्पताल में अधिकतर मरीज निशुल्क व कारगर उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में उनको को खांसी की दवा नहीं मिलने के कारण बाजार स्थित मेडिकल स्टोर से खरीदने को मजबूर हो रहे हैं। उपचारधीन संदीप कुमार, सुनील कुमार, प्रशांत सिंह, पुनित आदि ने बताया कि बाजार में दुकानदार सीरप के लिए मुंह मांगे दाम वसूलते हैं। जिससे मरीजों को दोहरी मार झेलनी पड़ती हैं।
चिकित्सक बोले-इन दिनों बढ़ती है मरीजों की संख्या
नागरिक अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि सर्दी के हर सीजन में खांसी व जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ती है, लेकिन पिछले 15 दिनों से अचानक मरीजों में तेजी आई हैं। अधिक सर्दी होने पर लोगों को जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलना चाहिए, वहीं सांस व दमा के मरीजों को गर्म कमरे में रहना फायदेमंद होता हैं।
मरीजों की लगी रहती है भीड़
इन दिनों जनरल फिजिशियन कक्ष के सामने खांसी व जुकाम के मरीजों की भारी भीड़ लगी रहती है। चिकित्सकों का कहना है कि फिलहाल प्रतिदिन 500 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे है। मरीजों को बीमारी अनुसार ही दवाएं लिखी जाती हैं।
वर्जन:
हमने 15 दिन पहले कफ सीरप की डिमांड भेजी है, संबंधित एजेंसी को अधिकतम 20 दिनों में स्टॉक भेजना होता है। ऐसे में जल्दी ही दवा का स्टॉक पहुंचने की उम्मीद हैं। इसके बाद मरीजों को बाहर से दवाइयां नहीं खरीदनी पड़ेगी। - डॉ. राहुल अरोड़ा, प्रवक्ता नागरिक अस्पताल दादरी।