चरखी दादरी। रेलवे विभाग की ओर से चरखी दादरी क्षेत्र स्थित गांव फतेहगढ़ और मानहेरू मार्ग के बीच बने सी-41 रेलवे फाटक बुधवार को करीब 12 घंटे के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है। फाटक बंद रहने से इस मार्ग से आवागमन करने वाले वाहन चालकों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे की ओर से इसकी सूचना जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को दे दी गई है।
रेलवे के वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर अरुण कुमार की ओर से 11 अगस्त को जारी पत्र के अनुसार, फाटक संख्या सी-41 मध्य फतेहगढ़ और मानहेरू मार्ग पर स्थित है। यहां रेलवे ट्रैक की मरम्मत का कार्य किया जाना प्रस्तावित है। मरम्मत कार्य के चलते बुधवार को सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक फाटक को वाहनों के आवागमन के लिए बंद रखा जाएगा।
रेलवे विभाग ने संबंधित अधिकारियों से फाटक बंद रहने के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध करने का आग्रह किया है। सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक फाटक बंद रहने के कारण वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा। विभाग की ओर से जारी सूचना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस के सामने भी इस दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने की चुनौती रहेगी।
खासकर फाटक के आसपास से प्रतिदिन आवागमन करने वाले लोगों को पहले से वैकल्पिक रास्ते की जानकारी रखना जरूरी होगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रैक मरम्मत का काम निर्धारित अवधि में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि फाटक को समय पर दोबारा आवागमन के लिए खोला जा सके।