चरखी दादरी। दादरी नागरिक अस्पताल में ब्लड बैंक सुविधा शुरू करने का इंतजार लंबा खींचता चला जा रहा है। हालांकि स्थानीय अधिकारी ब्लड बैंक तैयार करवा चुके हैं और अब निरीक्षण टीम के आने का इंतजार है। मुख्यालय की टीम के निरीक्षण के बाद ही ब्लड बैंक सुविधा शुरू की जा सकेगी। फिलहाल स्थानीय अधिकारियों के पास यह सूचना नहीं है कि टीम कब तक आएगी।
बता दें कि दादरी नागरिक अस्पताल में 490 यूनिट भंडारण क्षमता का ब्लड बैंक अब तक शुरू नहीं हो पाया है। पिछले दो साल से ब्लड बैंक शुरू होने का इंतजार है। वहीं, जिला स्वास्थ्य विभाग का तर्क है कि ब्लड बैंक का ढांचा बनकर तैयार है और मशीनें भी स्थापित की जा चुकी हैं। प्रदेशस्तरीय टीम की निरीक्षण रिपोर्ट के बाद ही ब्लड बैंक शुरू करने का रास्ता साफ होगा।
दरअसल, दादरी को जिला बने 8 साल और 3 माह हो चुके हैं। नागरिक अस्पताल में ब्लड बैंक का ढांचा तैयार करने पर 19 लाख रुपये की लागत आई है। स्वास्थ्य विभाग ने करीब एक साल पहले ब्लड बैंक की मशीनें मंगवाकर स्थापित भी करवा दी हैं। इसके अलावा ब्लड बैंक शुरू करने के लिए विभाग आवेदन कर चुका है। इस पर संज्ञान लेकर डेढ़ माह पहले टीम निरीक्षण करने आई थी और उस दौरान व्यवस्थाओं में फेरबदल कर सूचित करने के निर्देश देकर टीम लौटी थी। उसके बाद विभाग ने उसी अनुसार व्यवस्थाओं में बदलाव कराया और अब टीम के आकर दोबारा निरीक्षण करने का इंतजार है।
दूसरा निरीक्षण करते ही शुरू होगा ब्लड बैंक
अब मुख्यालय से टीम को यहां दोबारा निरीक्षण करने आना है। निरीक्षण के दौरान टीम यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेगी और उसके बाद अपनी रिपोर्ट सौंपेंगी। अगर व्यवस्थाएं सही मिलीं तो कुछ दिनों के अंदर ही नागरिक अस्पताल में ब्लड बैंक शुरू हो जाएगा।
कोरोना काल से पहले तैयार की गई थी योजना
दादरी जिला रक्त के मामले में अभी पूर्णतया भिवानी पर निर्भर है। नागरिक अस्पताल में भिवानी से ही रक्त की पूर्ति की जा रही है। इसके लिए हर दूसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीम गाड़ी लेकर जाती है। इस झंझट को खत्म करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नागरिक अस्पताल में ब्लड बैंक खोलने की योजना तैयार की थी।पहले यह योजना कोरोना की भेंट चढ़ी रही।
हर साल आठ से दस हजार यूनिट होता है जिले में रक्तदान
हर साल जिले में डेढ़ सौ से अधिक रक्तदान शिविर लगाए जाते हैं, जिनमें ज्यादातर युवा ही रक्तदान करते हैं। एक साल में जिला औसतन आठ से हजार यूनिट रक्तदान करता है। सोनीपत, भिवानी, महेंद्रगढ़, रोहतक, गुरुग्राम, नई दिल्ली, रेवाड़ी आदि जिलों की ब्लड बैंक टीमें दादरी में आकर रक्तदान करवाती हैं।
निरीक्षण के दौरान टीम ने व्यवस्थाओं में फेरबदल के निर्देश दिए थे और हमने उसी अनुसार व्यवस्थाएं कर दी हैं। जल्द ही टीम निरीक्षण के लिए पहुंचेगी और उसके तुरंत बाद ब्लड बैंक शुरू करने का प्रयास रहेगा।
-डॉ. राजविंद्र मलिक, कार्यवाहक सीएमओ, चरखी दादरी