फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर से कचरा उठा न घरों के बाहर पहुंचे ऑटो टीपर

विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी। नगर परिषद सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते बुधवार को शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई। 237 सफाई कर्मचारियों और चालकों में से 181 हड़ताल में शामिल हुए जबकि 32 ड्यूटी पर पहुंचे। हालांकि इसके बाद भी शहर से कचरे का एक तसला भी नहीं उठा। वहीं कचरे का उठान न होने से शहरवासियों को परेशानी झेलनी पड़ी। मुख्य मार्गों और वार्डों की गलियों में बने अस्थाई डंपिंग प्वाइंटों पर दिनभर कचरा सड़ता रहा। नगर परिषद अधिकारी हड़ताल की कॉल के बावजूद वैकल्पिक व्यवस्था करने में नाकामयाब रहे और इसका खामियाजा शहर के करीब 90 हजार लोगों को भुगतना पड़ा।
विज्ञापन

बुधवार को करीब 76 प्रतिशत कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने से कचरा उठान सेवा ठप रही। शहर से प्रतिदिन 20 टन कचरा निकलता है, जिसे नप के वाहनों के जरिये डंपिंग प्वाइंट पर निस्तारित किया जाता है। बुधवार को हड़ताल के चलते सफाई व्यवस्था बेपटरी रही। हड़ताल के चलते नगर परिषद के वाहन नहीं चल पाए और शहर के किसी भी क्षेत्र से कचरे का उठान नहीं हो पाया।
आज भी जारी रहेगी हड़ताल
नगर परिषद सफाई कर्मी एसोसिएशन प्रधान सूरज कुमार ने बताया कि अधिकतर कर्मचारी हड़ताल में शामिल हुए और किसी भी कर्मचारी ने शहर की सफाई के लिए झाडू नहीं उठाई। उन्होंने बताया कि नगर परिषद कार्यालय से कचरा उठान के लिए एक भी वाहन नहीं निकला और वीरवार को भी हड़ताल जारी रहेगी।
विज्ञापन

15 हजार घरों से नहीं हुआ कचरे का उठान
मुख्य बस स्टैंड रोड की अगर बात करें तो परशुराम चौक के समीप पांच यू-टर्न पर कचरा पड़ा रहा। इसके अलावा एमसी कॉलोनी के समीप डंपिंग प्वाइंट पर कचरा पड़ा रहा। रोहतक रोड पर घिकाड़ा मोड़ से पहले सड़क किनारे ही डंपिंग प्वाइंट पर दिनभर कचरा पड़ा रहा। चरखी दरवाजा क्षेत्र, वाल्मीकि नगर क्षेत्र, गोशाला चौक, मातृ-शिशु अस्पताल के समीप समेत 15 डंपिंग प्वाइंटों पर दिनभर कचरा पड़ा रहा। इसके अलावा करीब 15 हजार घरों से कचरे का उठान करने डोर-टू-डोर सेवा के तहत ऑटो टीपर नहीं पहुंचे।
दो शिफ्ट में होती है सफाई
दादरी शहर से प्रतिदिन 15 ट्रॉली और 50 ऑटो टीपर कचरा निकलता है। इस कचरे का निस्तारण रानियां वाला जोहड़ डंपिंग यार्ड पर किया जा रहा है। प्रतिदिन नगर परिषद के वाहन कचरा उठान के लिए 70 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करते हैं। दो शिफ्ट में शहर की सफाई की जाती है और उस दौरान कचरा का भी उठान होता है।
विज्ञापन

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर से कचरे का उठान नहीं हो पाया। इनके काम पर लौटते ही तत्परता से हम कचरे का उठान करवा देंगे।
बक्शीराम सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें