चरखी दादरी। दादरी परिवहन डिपो को आवंटित की गईं 15 बसें अब तक बेड़े में नहीं पहुंची हैं। इसके चलते डिपो में बसों की कमी बरकरार है और यात्रियों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है। वहीं, परिवहन विभाग के अधिकारियों का तर्क है कि जल्द ही नई बसें बेड़े में पहुंच जाएंगी और इसके लिए प्रक्रिया जारी है। नई बसें आने के बाद रूटों पर बसों की कमी नहीं रहेगी।
बता दें कि फिलहाल दादरी परिवहन डिपो के बेड़े में केवल 101 बसें शामिल हैं। इसके अलावा 15 बसें किलोमीटर स्कीम के तहत चल रही हैं। वहीं, डिपो की बसों में प्रतिदिन करीब 30 हजार यात्री सफर करते हैं और फिलहाल करीब 70 बसों की कमी बनी है। वहीं, करीब एक माह पहले डिपो को 15 नई बसें आवंटित हुई थीं।
उस दौरान अधिकारियों ने 10 दिन के अंदर बसें बेड़े में शामिल होने का दावा किया था। करीब एक माह बीतने के बाद भी 15 में से एक भी नई बस नहीं पहुंची है। यात्रियों ने जल्द से जल्द आवंटित बसों को डिपो के बेड़े में शामिल कराने की मांग की है।