चरखी दादरी। जिला नगर योजनाकार विभाग की ओर से दादरी के शहरी व नियंत्रित क्षेत्र में अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों पर शिकंजा कसते हुए सख्त कार्रवाई की गई है। बुधवार को जिला नगर योजनाकार जयदीप के नेतृत्व ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं जिला वन अधिकारी अमित तथा पुलिस विभाग से एचसी विनोद की मौजूदगी में इस तोड़फोड़ अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।
इस कार्रवाई के दौरान राजस्व संपदा दादरी के अंतर्गत दादरी-घिकाड़ा रोड पर लगभग 6.25 एकड़ क्षेत्र में अवैध रूप से पनप रही कॉलोनी में लगभग 9 डीपीसी और बिछाए गए कच्चे रोड नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
जिला नगर योजनाकार ने आमजन से अपील की है कि वे प्रॉपर्टी डीलरों या भू-माफियाओं के बहकावे में आकर अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियंत्रित क्षेत्र, अनुसूचित सड़कों तथा बाईपास की वर्जित पट्टी में बिना अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण न करें। नियंत्रित क्षेत्र में निर्माण करने से पूर्व विभाग से नियमानुसार अनुमति लेना अनिवार्य है।
उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध निर्माणकर्ताओं के खिलाफ नियमानुसार सख्त विभागीय व कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। किसी भी प्रकार की जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए आमजन किसी भी कार्यदिवस में जिला नगर योजनाकार कार्यालय चरखी दादरी में संपर्क कर सकते हैं।