चरखी दादरी। गांव अटेला कलां स्थित पहाड़ पर डी प्लान स्कीम के तहत बनाई जाने वाली व्यायामशाला का कार्य एक साल से रुका है। इससे युवाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। व्यायामशाला का कार्य पूरा करवाने के लिए ग्रामीण कई बार खंड पंचायत कार्यालय में शिकायत दे चुके हैं, लेकिन निर्माण कार्य पूरा करवाने की मांग पूरी नहीं हो सकी है जबकि एक ग्रामीण की मेहनत से वहां जलकुंड बनाया जा चुका है।
एक साल पहले जिला प्रशासन ने डी प्लान योजना के तहत गांव अटेला कलां के पहाड़ पर व्यायामशाला बनाने की मंजूरी दी थी, ताकि गांव के युवा वहां आसानी से अभ्यास कर सकें लेकिन एक साल पहले व्यायामशाला का शिलान्यास होने के बाद भी यह कार्य रुका है। व्यायामशाला में रोज आने वाले 40 से अधिक युवाओं के लिए अभ्यास का उचित प्रबंध न होने के कारण उन्हें निराशा का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीण जिनेश कुमार, विजय कुमार, वेदप्रकाश, संदीप कुमार, अरुण कुमार, धीर सिंह, महावीर, सुनील आदि ने बताया कि जिला पंचायत विभाग की अनदेखी के कारण व्यायामशाला का कार्य रुका है। व्यायामशाला में टिनशेड न होने के कारण पहलवानों को कड़ी धूप में अभ्यास करना पड़ रहा है। अगर अधिकारी समय पर व्यायामशाला का कार्य पूरा करवा देते तो ग्रामीण युवा अपनी प्रतिभा का हुनर दिखा पाते।
- कल्लूराम ने 60 साल में बनाया था तालाब, देखने पहुंचे थे अधिकारी
अटेला कलां गांव में रहने वाल कल्लूराम ने लगातार 60 साल तक छेनी और हथोड़ी से पहाड़ काटकर इसकी चोटी पर जलकुंड बनाया था। इससे पशुओं और पक्षियों की प्यास बुझी। कल्लूराम के कार्य को देखते हुए जिला प्रशासन और नेताओं ने मौका मुआयना कर व्यायामशाला बनवाने की मंजूरी दी थी। सांसद धर्मबीर सिंह और विधायक सोमबीर सांगवान ने चार मार्च 2023 को इस व्यायामशाला का शिलान्यास किया था।
व्यायामशाला पहाड़ के ऊपर होने के कारण वहां उपयोग होने वाली सामग्री पहुंचाने में परेशानी हो रही है। एक माह बाद व्यायामशाला का कार्य पूरा करवा दिया जाएगा। - श्यामलाल, एक्सईएएन, जिला पंचायत विभाग, चरखी दादरी।