चरखी दादरी। शहर में 5 आकांक्षी शौचालय बनने हैं, जिनमें से दो का निर्माण कार्य चल रहा है। वहीं, तीन आकांक्षी शौचालयों के निर्माण के लिए तीसरी बार निविदा आमंत्रित करनी पड़ी है। अधिकारियों की मानें तो इस बार निविदा प्रक्रिया सिरे चढ़ने की उम्मीद है और इसके तुरंत बाद धरातल पर निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
आकांक्षी शौचालय बनाने की योजना सिरे चढ़ने के बाद शहर में सार्वजनिक शौचालयों की कमी दूर होगी। इसके लिए करीब 55 लाख का बजट नगर परिषद को मिला था। बजट मिलने के बाद दो चरणों में निविदा आमंत्रित की गई थी। एक चरण में दो और दूसरे में तीन आकांक्षी शौचालय निर्माण की निविदा आमंत्रित हुई थी। दो शौचालय बनाने की निविदा प्रक्रिया तो सिरे चढ़ गई, लेकिन तीन का निर्माण कराने की योजना की निविदा प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है।
नगर परिषद अधिकारियों की मानें तो पहली निविदा प्रक्रिया एक्सईएन की ओर से रद्द की गई थी जबकि दूसरी निविदा प्रक्रिया में दिलचस्पी दिखाने वालीं एजेंसी शर्ताें व नियमों को पूरा नहीं कर पाई और इसके चलते अब तीसरी बार निविदा आमंत्रित की गई है।
- शहर में फिलहाल 14 सार्वजनिक शौचालय
दादरी शहर में 14 सार्वजनिक शौचालय हैं। शहरवासी इनकी संख्या बढ़ाने की मांग लंबे समय से कर रहे हैं। आकांक्षी शौचालयों का निर्माण होने के बाद लोगों की यह मांग पूरी हो जाएगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त शौचालयों का निर्माण पहली बार कराया जाएगा।
- यहां बनने हैं 5 आकांक्षी शौचालय
स्वच्छ भारत मिशन जिला प्रभारी ज्योति शर्मा ने बताया कि आधुनिक यानी आकांक्षी शौचालय निर्माण के लिए जगह चिह्नित की जा चुकी हैं। योजना के अनुसार, रोज गार्डन के अंदर, एमसी कार्यालय, कोर्ट कॉम्प्लेक्स, परसराम हेतराम स्कूल के पास और तिकोना पार्क क्षेत्र में शौचालय बनाए जाएंगे। एमसी कॉम्पलेक्स और रोजगार्डन में निर्माण कार्य चल रहा है।
- शहर में यहां पहले से बने हैं शौचालय
कॉलेज मोड़, रेलवे मोड़, अनाज मंडी के पिछली तरफ, पुरानी सब्जी मंडी के पास, एमसीएच के पास, कोर्ट के सामने, तिकोना पार्क पर, वाल्मीकि बस्ती व रेलवे रोड पर सार्वजनिक शौचालय बने हुए हैं।
दो आकांक्षी शौचालयों का निर्माण कार्य चल रहा है जबकि 3 आकांक्षी शौचालयों का निर्माण कराने के लिए निविदा प्रक्रिया जारी है। जल्द ही इसे सिरे चढ़ा दिया जाएगा।
-बक्शीराम सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद