- 70 लाख से शहर के छह चौराहों पर लगेंगी ट्रैफिक लाइटें, हादसे रोकने के लिए सड़कों पर लगेंगे ब्लिंकर
- दूसरे प्रयास में सिरे चढ़ी टेंडर प्रक्रिया, एजेंसी हुई तय, जल्द जारी होगा कार्यादेश
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर में जल्द ही वाहन ट्रैफिक लाइटों के इशारों पर दौड़ते नजर आएंगे। छह चौराहों पर ट्रैफिक लाइट लगवाने की टेंडर प्रक्रिया दूसरे प्रयास में सिरे चढ़ गई है। वहीं, 70 लाख की परियोजना के लिए अधिकारियों ने एजेंसी तय कर दी है। अगले सप्ताह कार्यादेश जारी कर दिए जाएंगे। तब तक एजेंसी को अग्रिम राशि जमा करवाने की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी।ट्रैफिक लाइटें लगने से शहर में बार-बार लगने वाले जाम की समस्या खत्म होगी। इतना ही नहीं, एक लाख शहरवासियों समेत अन्य वाहन चालकों को भी इसका लाभ मिलेगा।
शहर में ट्रैफिक लाइट लगाने का प्रारूप नगर परिषद के अधिकारियों ने करीब पांच माह पहले तैयार किया था। वहीं, लोकसभा चुनाव के बाद निदेशालय ने इस योजना को हरी झंडी दी। फिलहाल, शहर के किसी भी चौराहे पर ट्रैफिक लाइट नहीं है। इसके चलते एक तरफ यातायात व्यवस्था प्रभावित है तो दूसरी ओर सड़क हादसे भी बढ़ रहे हैं। इसके मद्देनजर नगर परिषद ने शहर के सभी चौराहों पर ट्रैफिक लाइट लगाने की योजना तैयार की और दूसरी बार टेंडर आमंत्रित करने पर प्रक्रिया सिरे चढ़ गई।
नगर परिषद अधिकारियों का कहना है कि पहली टेंडर प्रक्रिया सिरे नहीं चढ़ पाई थी। हालांकि, पहले प्रयास में पांच एजेंसियों ने टेंडर लेने में रुचि दिखाते हुए आवेदन किया, लेकिन सभी एजेंसियां टेंडर की शर्तें पूरी नहीं कर पाईं। इसके चलते पिछले सप्ताह दोबारा से टेंडर आमंत्रित किया गया। अब टेंडर खोलने के साथ एजेंसी का नाम तय कर दिया गया है। इसके अलावा एजेंसी को अग्रिम सुरक्षा राशि जमा करवाने के निर्देश दिए गए है ताकि ये प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद कार्यादेश जारी कर धरातल पर काम शुरू करवाया जा सके।
- हादसे रोकने के लिए हर कट पर लगेंगे ब्लिंकर
चौराहों पर ट्रैफिक लाइट लगाने के साथ सभी कट पर ब्लिंकर भी लगाए जाएंगे। ताकि, वाहन चालकों को यू-टर्न का पता चल सके और सड़कों पर हादसे भी न हो। शहर की अंदरूनी सड़कों पर कई हादसे हो चुके हैं। इनमें घायल होने के साथ वाहन चालकों की मौत हो चुकी है। ज्यादातर बड़े हादसे रात के समय हुए हैं।
- इन चौराहों का बढ़ेगा सुंदरीकरण
योजना में नगर परिषद की ओर से शहर के सभी बाहरी प्रवेश बिंदुओं को कवर किया गया है। नगर परिषद के रावलधी चौक, समसपुर चौक, लोहारू चौक, लाला लाजपतराय चौक, महेंद्रगढ़ चौक और चिड़िया मोड़ पर ट्रैफिक लाइट लगाई जाएंगी। इससे इन चौराहों का सुंदरीकरण बढ़ेगा जबकि यातायात व्यवस्था में भी सुधार होगा।
वर्सन:
शहर के छह चौराहों पर ट्रैफिक लाइटें लगाई जानी हैं। दूसरे प्रयास में टेंडर प्रक्रिया सिरे चढ़ गई है। जल्द ही एजेंसी को कार्यादेश जारी कर धरातल पर काम शुरू करवा दिया जाएगा।
-सुमित नांदल, एक्सईएन, नगर परिषद
फोटे 28
शहर का रावलधी चौक, जहां ट्रैफिक लाइटें लगेंगी। संवाद