- पोर्टल पर दिए गए सुझाव डैशबोर्ड के जरिये पहुंचेगा जनप्रतिनिधियों तक
उपायुक्त बोले- ग्राम दर्शन पोर्टल सरकार की पारदर्शी और जवाबदेह पहल
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। ग्रामीण क्षेत्रों के बाशिंदे भी अब सरकार को विकास कार्यों संबंधी मांग, शिकायत और सुझाव सीधे ऑनलाइन माध्यम से दे सकते हैं। प्रदेश सरकार ने इसके लिए gramdarshan.haryana.gov.in पोर्टल शुरू किया है। उपायुक्त मुनीश शर्मा ने यह जानकारी दी।
उपायुक्त ने बताया कि ग्राम दर्शन पोर्टल सरकार की एक व्यापक, सहभागी, पारदर्शी और जवाबदेह पहल है। इसका उद्देश्य निर्वाचित प्रतिनिधियों, सरकार और ग्रामीण निवासियों के बीच संबंध स्थापित करना है। यह पोर्टल ग्रामीणों को अपनी मांग, शिकायत व सुझाव देने का एक सुविधाजनक एवं सरल माध्यम है। इस पोर्टल पर ग्रामीणों की ओर से दिए गए सुझावों के आधार पर भविष्य की विकास योजनाओं का खाका तैयार किया जाएगा।
उपायुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग से संबंधित कार्यों की प्राथमिकताएं तय करें। सरकार की प्राथमिकता लोगों की शिकायतों का निवारण करना है। उपायुक्त ने बताया कि ग्राम दर्शन पोर्टल पर कोई भी व्यक्ति केवल अपने स्थायी निवास के गांव (जो परिवार पहचानपत्र में दर्ज हो) के संबंध में शिकायत दर्ज कर सकेगा।
उन्होंने बताया कि सुझाव और मांग सीधे सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, विधायक और सांसद को दिखाई देंगे। सभी जनप्रतिनिधियों को उनके अधिकार क्षेत्र के ही सुझाव डैशबोर्ड पर दिखाई देंगे, जिन्हें संबंधित जनप्रतिनिधि आगे बढ़ा सकेंगे।
- ऐसे दर्ज कर सकते हैं शिकायत या सुझाव
उपायुक्त ने बताया कि पोर्टल पर सुझाव या शिकायत दर्ज कराने के साथ ही एक आईडी जनरेट होगी, जो संबंधित आवेदक को एसएमएस के माध्यम से मिलेगी। इसके साथ ही आवेदक को समय-समय पर सुझाव या शिकायत पर हुई कार्रवाई की अपडेट सूचना एसएमएस के माध्यम से मिलती रहेगी।