चरखी दादरी। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा एवं स्कूल टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया की जिला कार्यकारिणी की बैठक संपन्न हुई। जिला प्रधान संजय शास्त्री ने बैठक की अध्यक्षता की। सर्व कर्मचारी संघ कार्यालय में आयोजित बैठक में अध्यापकों की मांगों पर चर्चा की गई।
जिला सचिव कृष्ण सिंह शास्त्री ने बताया कि पांच सितंबर को अध्यापक दिवस पर राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चरखी दादरी में जिला स्तरीय कंवेंशन होगा जिसमें स्कूलों को बंद करने की नीति के खिलाफ गोष्ठी होगी। जिला मुख्य सलाहकार रमेश जाखड़ ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक गांव को स्कूल व प्रत्येक विद्यार्थी को विषय का अध्यापक मिलना चाहिए। सरकार जानबूझकर शिक्षा के निजीकरण पर तुली हुई है।
राज्य के आमंत्रित सदस्य जयवीर सिंह व जिला कोषाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने मांगों के लिए सांसदों व विधायकों को ज्ञापन देने की बात कही। जिला संगठन सचिव सुंदरपाल फौगाट, खंड प्रधान बौंद कलां कर्ण सिंह, जिला वरिष्ठ उप-प्रधान सुनीता धवन, रामपाल रामबास ने भी विचार रखे। इस दौरान 15 सितंबर तक हस्ताक्षर अभियान चलाए जाने का निर्णय लिया गया। हस्ताक्षर अभियान के बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया जाएगा । खंड सचिव बौंद कलां सुधीर जांगड़ा ने बताया कि चार सितंबर को अध्यापक दिवस की पूर्व संध्या पर अध्यापक सम्मान समारोह भी होगा। बैठक में सर्व कर्मचारी संघ के प्रधान राजकुमार घिकाड़ा व विजय लांबा ने भी अपने विचार रखे।