चरखी दादरी। वार्ड 19 के लोग अनियमित और दूषित पेयजल आपूर्ति से परेशान हैं। वार्ड वासियों का आरोप है कि पिछले तीन साल से वो लगातार यह समस्या झेल रहे हैं, लेकिन अब तक जन स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन समाधान नहीं करवा पाया है। समस्या से त्रस्त लोगों ने रविवार को नारेबाजी कर रोष जताया। लोगों ने बताया कि वो अधिकारियों व कर्मचारियों को समस्या से कई बार अवगत करवा चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी हालात जस के तस है।
विभागीय अधिकारियों की अनदेखी से खफा लोगों ने रविवार को पूर्व चेयरमैन जगबीर सिंह की अगुवाई में विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने बताया कि एमसी कॉलोनी के एक हिस्से में पेयजल आपूर्ति न के बराबर होती है। उन्होंने कहा कि वार्ड में अवैध कनेक्शनों की भरमार है जिसके चलते पेयजल बिल भरने वाले उपभोक्ताओं को पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग भी इन अवैध कनेक्शन धारकों पर कार्रवाई नहीं कर रहा है।
वार्ड वासी अशोक नंबरदार, कृष्ण कुमार, सेवादार, हरि सिंह, छोटूराम, सरोज, विजय, चंद्रभान, बलजीत, विजेंद्र, सरिता, मंजू, राजपति, जगवंती, कालिया, जगदीश, रामकिशन, ओमप्रकाश, बाला देवी, मधु, इंदिरा व नरेश कुमारी ने बताया कि वो पिछले तीन साल से टैंकर खरीदकर काम चला रहे हैं।