चरखी दादरी। जिले के सरकारी विद्यालयों में स्थापित अटल टिंकरिंग लैब (एटीएल) के प्रभावी संचालन और विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच व नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार से चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण 15 से 18 जुलाई तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झोझू कलां में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों के शिक्षक, विद्यालय मुखिया तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी भाग ले रहे हैं। यह प्रशिक्षण जिला शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र चौधरी एवं जिला परियोजना संयोजक अलका के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के प्रभारी एपीसी बलवान सिंह ने बताया कि जिले के 11 सरकारी विद्यालयों में अटल टिंकरिंग लैब स्थापित की गई हैं। इन लैब का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना, नवाचार को प्रोत्साहित करना तथा प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण के माध्यम से उन्हें आधुनिक तकनीकों से जोड़ना है। इसके लिए आवश्यक है कि शिक्षक लैब में उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी ढंग से उपयोग करना सीखें।
लैब के शैक्षणिक उपयोग की मिलेगी जानकारी
प्रशिक्षण में प्रत्येक विद्यालय से दो-दो शिक्षकों के अलावा विद्यालय मुखिया एवं संबंधित खंड के सभी अधिकारियों को शामिल किया गया है। विषय विशेषज्ञ शिक्षकों को अटल टिंकरिंग लैब में उपलब्ध विभिन्न उपकरणों की कार्यप्रणाली और उनके शैक्षणिक उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं, बल्कि उपकरणों के व्यावहारिक उपयोग का भी अभ्यास कराया जाएगा।
उपकरणों का सिखाया जाएगा उपयोग
प्रशिक्षण में थ्री डी प्रिंटर, सेंसर, रोबोटिक्स किट, इलेक्ट्रॉनिक कॉम्पोनेंट्स और अन्य आधुनिक तकनीकी उपकरणों के संचालन और उन्हें कक्षा शिक्षण से जोड़ने के तरीकों पर विशेष फोकस रहेगा। साथ ही यह भी बताया जाएगा कि इन उपकरणों की मदद से विद्यार्थी अपनी रचनात्मक सोच को कैसे विकसित कर सकते हैं और विज्ञान व तकनीक से जुड़े नवाचारों पर कैसे कार्य कर सकते हैं।
विद्यार्थियों में विकसित होंगे नवाचार के गुण
प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को ऐसी गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी, जिनसे विद्यार्थियों में टीमवर्क, समस्या समाधान की क्षमता, सृजनशीलता और नवाचार की भावना विकसित हो सके। शिक्षा विभाग का मानना है कि अटल टिंकरिंग लैब केवल तकनीकी उपकरणों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों को प्रयोगों और नवाचारों के माध्यम से भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने का प्रभावी मंच है।
वर्जन:
प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को अटल टिंकरिंग लैब के उपकरणों के प्रभावी उपयोग में दक्ष बनाना है, ताकि विद्यालयों में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा का अधिकतम लाभ मिल सके।-बलवान सिंह, कार्यक्रम प्रभारी।