संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। हरियाणा कॉलेज टीचर एसोसिएशन के आह्वान पर जनता महाविद्यालय में शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने शुक्रवार को काली पट्टी बांधकर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का उद्देश्य सरकारी सहायता प्राप्त महाविद्यालयों के कर्मचारियों के साथ हो रहे भेदभावपूर्ण व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाना रहा।
कॉलेज टीचर एसोसिएशन के प्रधान डॉ. रोशनलाल ने बताया कि प्रदेश के 97 सहायता प्राप्त कॉलेजों में कार्यरत कर्मचारी कई मूलभूत सुविधाओं और वित्तीय लाभों से वंचित हैं। कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिला, जिससे उन्हें गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
डॉ. रोशनलाल ने कहा कि 2006 के बाद नियुक्त एनपीएस कर्मचारियों को अब तक सेवानिवृत्ति और आश्रितों को डेथ ग्रेच्युटी का लाभ नहीं दिया गया है। इसके अतिरिक्त, उन्हें सातवें वेतन आयोग के अनुसार मकान किराया भत्ता भी नहीं मिल रहा, जबकि सरकारी कॉलेजों के कर्मचारियों को यह सुविधा पहले से उपलब्ध है।
इस अवसर पर डॉ. सुशील बंसल, डॉ. समीना, डॉ. सुनीता धतरवाल, डॉ. राजकुमार गर्ग, डॉ. नीरज गर्ग, डॉ. मंजीत मान, प्रो. छाजूराम, डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. प्रीति गुप्ता, और डॉ. अरुण कुमार सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।