चरखी दादरी। साइबर ठगों ने बैंक कर्मचारी बनकर एक सरकारी स्कूल के अध्यापक से क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा दिया। ठगों ने उनके क्रेडिट कार्ड से 1.34 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
गांव कादमा निवासी 53 वर्षीय पवन कुमार सरकारी स्कूल बड़राई में अध्यापक है। 24 अक्तूबर को सुबह करीब 10 बजे उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एसबीआई का कर्मचारी बताया। उसने कहा कि पवन कुमार ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़वाने के लिए आवेदन किया था।
ठग ने अध्यापक को व्हाट्सएप पर एक एपीके फाइल भेजी। उसमें अपनी जानकारी भरकर सबमिट करते ही उनका मोबाइल फोन हैक हो गया। कुछ ही देर में पीएनबी बैंक के क्रेडिट कार्ड से रुपये कटने के मैसेज आने लगे। बैंक स्टेटमेंट चेक करने पर पता चला कि तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 1,34,549 रुपये निकाल लिए गए हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 319 के तहत मामला दर्ज किया है।