सिविल अस्पताल में आयोजित हेल्थ मेला का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश देते डॉ. गौरव भारद्वाज।
हेल्थ मेले में की मरीजों की टीबी और एचआईवी जांच
- स्वास्थ्य विभाग की ओर से नागरिक अस्पताल और क्रशर जोन में लगाया गया हेल्थ मेला
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। स्वास्थ्य विभाग ने तपेदिक उन्मूलन अभियान चलाया हुआ है। इसके तहत दादरी सिविल अस्पताल और क्रशर जोन सहित अन्य स्थानों पर हेल्थ मेला का आयोजन किया गया। इसमें मरीजों की एचआईवी जांच भी करवाई गई।
राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. संदीप सिंह ने बताया कि भारत सरकार ने तपेदिक की बीमारी को खत्म करने के लिए एक विशेष अभियान की शुरुआत की है, जिसको यस वी केन एंड टीबी नाम दिया गया है। इसके तहत सिविल अस्पताल में निरोगी योजना के तहत नागरिकों की निशुल्क टीबी और एचआईवी की जांच करवाई गई। इस योजना में अंत्योदय परिवारों को शामिल किया गया है। इसके अलावा कलियाणा की पहाड़ियों में कैंप लगाकर श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच की गई। उनका एचआईवी टेस्ट भी करवाया गया। अस्पताल में भी ओपीडी के लिए आए मरीजों को पंपलेट बांटकर उनको तपेदिक बीमारी के बारे में बताया गया।
डॉ. संदीप सिंह ने बताया कि एचआईवी और टीबी रोगियों की काउंसलिंग करवाकर बताया गया कि वे लोग भी स्वस्थ जीवन जी सकते हैं। एचआईवी में मरीज को अपनी सेहत की विशेष देखभाल करनी पड़ती है। तपेदिक में रोगी को ध्यान रखना पड़ता है कि उसकी वजह से किसी और को संक्रमण न हो, इसलिए वह दवा का नियमित सेवन करे और धूम्रपान, मदिरा, अधिक श्रम से परहेज करता रहे। अभियान में सीएमओ डॉ. कृष्ण कुमार का मार्गदर्शन व मेडिकल स्टाफ का सहयोग रहा।