चरखी दादरी। एच2एन2 संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। सीएमओ डॉ. कृष्ण कुमार के आदेश के बाद सिविल अस्पताल कर पुरानी विंग में फ्लू कॉर्नर शुरू किया गया है। मंगलवार और बुधवार को यहां 17 सैंपल लिए गए, जिन्हें जांच के लिए रोहतक पीजीआई भेजा गया है। राहत की बात यह है कि अब तक एक भी रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई है।
सीएमओ डॉ. कृष्ण कुमार ने मंगलवार को सिविल अस्पताल के पुराने भवन में चल रही ओपीडी विंग का मंगलवार को जायजा लिया था। उन्होंने वहां फ्लू कॉर्नर शुरू करने का आदेश दिया। उनके आदेश की पालना करते हुए मंगलवार को ही फ्लू कॉर्नर शुरू कर दिया गया। मंगलवार को यहां नौ संदिग्धों के सैंपल लिए गए जबकि बुधवार को आठ सैंपल लिए गए। यहां जांच की सुविधा न होने से इन सैंपल को रोहतक पीजीआई भेजा गया है।
दूसरी ओर संक्रमण के मद्देनजर विभाग ने अपने कर्मचारियों को भी ट्रेनिंग दी है। ट्रेनिंग सेशन सरदार झाडू सिंह चौक रोड स्थित मातृ-शिशु अस्पताल परिसर में संपन्न हुआ। कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. गौरव भारद्वाज की अध्यक्षता में संपन्न हुई ट्रेनिंग में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और मेडिकल स्टाफ को एच3एन2 इंफ्लूएंजा संक्रमण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान इसके लक्षणों और मरीज को दी जाने वालीं हिदायतों से भी कर्मचारियों को अवगत कराया गया। वहीं, सीएमओ डॉ. कृष्ण कुमार का कहना है कि संक्रमण से निपटने की तैयारियां पूरी हैं।
- इन केंद्रों पर भी तैयार किए जाएंगे फ्लू कॉर्नर
सिविल अस्पताल के अलावा मातृ-शिशु अस्पताल और बौंदकलां, गोपी व झोझूकलां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर फ्लू कॉर्नर तैयार होंगे। इसके अलावा सीएमओ ने सभी 12 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी फ्लू कॉर्नर की व्यवस्था करने का आदेश जारी कर दिया है।
- अमर उजाला ने उठाया था फ्लू कॉर्नर की कमी का मुद्दा
गत 12 मार्च के संस्करण में अमर उजाला ने सिविल अस्पताल समेत अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर एच2एन2 इंफ्लूएंजा संक्रमण संदिग्धों के सैंपल लेने के लिए फ्लू कॉर्नर की व्यवस्था न होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद 14 मार्च को सीएमओ ने इसकी व्यवस्था करवा दी।
सिविल अस्पताल में फ्लू कॉर्नर शुरू कर दिया गया है और अन्य केंद्रों पर यह व्यवस्था करना केंद्र प्रभारी की जिम्मेदारी होगी। इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। फ्लू कॉर्नर पर लिए गए सैंपल को जांच के लिए रोहतक पीजीआई भेजेंगे। इसके अलावा स्टाफ की ट्रेनिंग भी करवा दी गई है।
-डॉ. कृष्ण कुमार, सीएमओ, चरखी दादरी