संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। गांव फतेहगढ़ के बस अड्डे पर सीआईए ने अवैध हथियार के साथ अंकित उर्फ टकला को काबू किया है। सीआईए ने आरोपी से एक देसी पिस्तौल व दो कारतूस बरामद किए गए हैं। उसके खिलाफ सदर थाने में सशस्त्र अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि सीआईए हेड कांस्टेबल अमित की अगुवाई में अपराध की रोकथाम के लिए पैंतावास कलां के बस अड्डा पर तैनात थी। इसी दौरान सूत्र से पता चला कि फतेहगढ़ बस अड्डे पर एक युवक अवैध हथियार लिए खड़ा है और कोई भी अपराध कर सकता है। सूचना के आधार पर सीआई तत्काल फतेहगढ़ बस अड्डा पर पहुंची और वहां संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े युवक को काबू कर लिया। जब युवक की तलाशी ली गई तो एक देसी पिस्तौल और दो कारतूस बरामद हुए। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान फतेहगढ़ निवासी अंकित उर्फ टकला के रूप में बताई। उसे सीआईए टीम काबू कर अपने साथ ले आई और टीम की तहरीर पर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।