संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। चुनाव आयोग की ओर से मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए एक पहल की गई है। इसके तहत सभी नागरिकों से आह्वान किया जा रहा है कि ऑनलाइन मतदाता शपथ लें और अपने आसपास के लोगों को भी आयोग के इस अभियान से जोड़ें।
जिला परिषद सीईओ प्रदीप कौशिक ने बताया कि अभियान का उद्देश्य लोकतंत्र को सशक्त बनाना और हर नागरिक को अपने मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करना है। जिले में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त राहुल नरवाल के मार्गदर्शन और अतिरिक्त उपायुक्त विश्वजीत चौधरी के नेतृत्व में स्वीप अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मतदाता शपथ लेने के लिए नागरिक चुनाव आयोग की स्वीप वेबसाइट पर जा सकते हैं। इस पहल के माध्यम से उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार, दोस्तों और पड़ोसियों को भी इस अभियान से जोड़ें। ताकि, अधिक से अधिक लोग जागरूक होकर अपने मतदान के अधिकार का सदुपयोग कर सकें।