चरखी दादरी। मानसून सीजन में नियमित अंतराल पर हो रही बारिश से व्यवस्था चरमरा गई है। इसके चलते सीवर समस्या गहराई हुई है। गलियों और मुख्य सड़कों पर पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों समेत स्थानीय लोगों को समस्याओं से दो-चार होना पड़ रहा है। उनका कहना है कि जनस्वास्थ्य विभाग को अवगत करवाने के बाद भी स्थिति जस की तस है।
शहर में इन दिनों सीवर मैनहाल ओवरफ्लो के कारण मुख्य सड़कों और वार्डाें की गलियों में जलभराव की समस्या बनी हुई है। लंबे समय तक दूषित पानी भरने के कारण गहरे गड्ढे सड़कों पर बने हुए हैं। इनसे गुजरते समय दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से सीवर समस्या का स्थायी समाधान करवाने की मांग की है।
शहर की अगर बात करें तो तिकोना पार्क से लेकर अग्रसेन धर्मशाला और मथुरी घाटी क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से सीवर मैनहोल ओवरफ्लो कर रहे हैं। मैनहोल का दूषित पानी घरों और दुकानों के सामने भरा हुआ है। इसके कारण यहां से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को दूषित पानी से गुजरना पड़ रहा है।
यहां रहने वाले लोगों का कहना है कि सड़क के बीच कई दिनों तक जलभराव होने से गहरे गड्ढे बन गए हैं, जो अब हादसों का पर्याय बन रहे हैं। दूसरी ओर विभाग समस्या के समाधान के लिए गंभीर नहीं है।
- कई दिनों से लोग झेल रहे परेशानी, समाधान नहीं
शहर निवासी सुरेश सैनी, मनोज गुप्ता, संजय गुप्ता, दीपक कुमार, आनंद और सुनील आदि ने बताया कि सीवर व्यवस्था कई दिनों से चरमराई है। विभाग सुधार नहीं कर पाया है। उनका कहना है कि कई दिनों से लोग सीवर समस्या का दंश झेल रहे हैं। अब विभाग को उनकी परेशानी देखते हुए समाधान करना चाहिए।
लोग बोले : सुधार के नाम पर करोड़ों खर्च करने का नजर नहीं आया असर
मथुरी घाटी निवासी संदीप कुमार, प्रदीप, संजय, सुरेश, राजेश ने बताया कि जिला प्रशासन ने शहर की सीवर व्यवस्था को सुधारने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए हैं। लेकिन, शहर के मौजूदा हालात देखकर इतनी मोटी रकम खर्च करने का असर धरातल पर नजर नहीं आ रहा है।
तिकोना पार्क डिस्पोजल पर लगाई दो मोटरें जल गई थीं। हमने उनको बदलवा दिया है। मंगलवार तक शहर के तिकोना पार्क डिस्पोजल से जुड़ीं सभी लाइनें ठीक हो जाएंगी और लोगों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। -बृजेश जावला, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग, चरखी दादरी।