चरखी दादरी। जिले के नए अतिरिक्त उपायुक्त के तौर पर वर्ष 2021 बैच के आईएएस अधिकारी विश्वजीत चौधरी ने कार्यभार संभाल लिया है। वह इससे पहले बादशाहपुर में एसडीएम के पद पर तैनात थे। कार्यभार संभालते ही उन्होंने अधिकारियों सहित विभिन्न शाखाओं की बैठक ली।
विश्वजीत चौधरी मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं। उन्होंने दिल्ली काॅलेज ऑफ इंजीनियरिंग से डिग्री प्राप्त की है। उन्होंने आईआईएम अहमदाबाद से भी शिक्षा ली है। कार्यभार संभालने के बाद बैठक लेते हुए उन्होंने कहा कि इस समय विधानसभा चुनाव की तैयारी करना सबसे ज्यादा जरूरी है। अधिकारी और कर्मचारी उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निभाएं। शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न करवाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि आयोग की ओर से जारी सभी निर्देशों एवं आदर्शों का अक्षरश: पालन होना चाहिए। अगर कहीं से आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत मिलती है तो उस पर भी तुरंत कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि मतदाता किसी भी चुनाव प्रक्रिया की जान है। जिले में सभी मतदाताओं को मतदान के प्रति स्वीप अभियान के तहत जागरूक करने का काम किया जा रहा है। जिला में मतदान के दिन तक स्वीप अभियान चलेगा। विधानसभा चुनाव में मतदान बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।