संवाद न्यूज एजेंसी
बाढड़ा। कस्बावासियों के लिए खुशखबरी है कि छह साल के लंबे इंतजार के बाद स्वर्ण जयंती पार्क का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। करीब 33 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए इस पार्क से अब क्षेत्र के करीब आठ हजार लोगों को लाभ मिलेगा।
पार्क का डिजाइन आमजन की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिससे बच्चों को खेलने, युवाओं को व्यायाम करने और बुजुर्गों को टहलने के लिए एक सुरक्षित और स्वच्छ स्थान उपलब्ध हो सके।
पार्क में वॉकिंग ट्रैक, पानी की टंकी, शौचालय, हरे-भरे मैदान और रोशनी की व्यवस्था की गई है। यह पार्क श्मशान घाट के रास्ते पर लगभग छह कनाल भूमि में विकसित किया गया है।
वर्षों से उठा रहे थे पार्क के निर्माण की मांग : स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तक कस्बे में न तो कोई पार्क था और न ही कोई खेल मैदान। युवाओं को खेतों के कच्चे रास्तों या हाईवे पर सुबह-शाम सैर के लिए जाना पड़ता था। लेकिन अब पार्क के बन जाने से लोगों को सुरक्षित व स्वच्छ वातावरण में स्वास्थ्य लाभ मिलेगा और कस्बे का पर्यावरण भी सुधरेगा।
इस पार्क की मांग लोग वर्षों से उठा रहे थे। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने दादरी रैली में इसकी स्वीकृति दी थी। इसके बाद निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई।