स्वदेशी यात्रा को रवाना करते बाबा सम्मत गिरि महाराज हुई वाले व मौजूद अन्य लोग। विज्ञप्ति
स्वदेशी संकल्प यात्रा गांव-गांव में स्वावलंबन और राष्ट्रभक्ति का संदेश देगी
माई सिटी रिपोर्टर
चरखी दादरी। स्वदेशी जागरण मंच की ओर से वोकल फॉर लोकल के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को 12 दिवसीय स्वदेशी संकल्प यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा को बाबा सम्मत गिरि महाराज हुई वाले ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह यात्रा प्रो. वेद प्रकाश लुहाच (पूर्व प्रधान वैज्ञानिक एवं हरियाणा स्वावलंबी भारत अभियान के प्रांत समन्वयक) के नेतृत्व में प्रारंभ हुई है। इस यात्रा के माध्यम से जिले के गांव-गांव जाकर लोगों को स्वदेशी उत्पादों के प्रयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा।
प्रो. लुहाच ने बताया कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के लिए हर नागरिक को विदेशी वस्तुओं का त्याग कर स्वदेशी अपनाना होगा। उन्होंने विशेष रूप से अमेरिकी उत्पादों के बहिष्कार पर जोर देते हुए कहा कि स्थानीय कारीगरों, महिला स्व-सहायता समूहों, लघु उद्योगों की ओर से बनाए गए उत्पादों को अपनाना राष्ट्रभक्ति की सच्ची अभिव्यक्ति है।
यात्रा के दौरान जय स्वदेशी, वंदे मातरम और विदेशी कंपनियां भारत छोड़ो जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। लुहाच ने कहा कि अमेरिका को जवाब देने के लिए हमें उनकी वस्तुओं का बहिष्कार कर, विशेष रूप से अमेरिकी उत्पादों से परहेज करना चाहिए।
फोटो- 8 स्वदेशी यात्रा को रवाना करते बाबा सम्मत गिरि महाराज हुई वाले व मौजूद अन्य लोग। विज्ञप्ति